हरदोई सड़क हादसा: अनियंत्रित होकर खंती में गिरी बाइक, रातभर पड़े रहे घायल युवक, एक की मौत और दूसरा गंभीर
Hardoi News: सवायजपुर कोतवाली क्षेत्र में कटरा-उन्नाव हाईवे पर अनियंत्रित होकर बाइक सड़क किनारे गहरी खंती में जा गिरी। हादसे में घायल दो युवक रातभर वहीं पड़े रहे। इनमें एक की मौत हो गई, जबकि दूसरे को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विस्तार
हरदोई जिले में सवायजपुर कोतवाली क्षेत्र के कटरा-उन्नाव हाईवे पर खितौली गांव के मोड के सामने बुधवार रात बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खंती में जा गिरी। हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों रातभर घटनास्थल पर पड़े रहे। गुरुवार सुबह ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को खंती में पड़ा देखा। इनमें एक की मौत हो चुकी थी, जबकि दूसरा घायल अवस्था में मिला।
कोतवाली क्षेत्र के नगरा मजरा कन्हारी निवासी नन्हे उर्फ प्रतीक (25) पुत्र प्रमोद कटियार और मोनू उर्फ उत्कर्ष (30) पुत्र महेश कटियार बुधवार रात सवायजपुर से बाइक से घर लौट रहे थे। घायल नन्हे ने बताया कि बाइक मोनू उर्फ उत्कर्ष चला रहा था। खितौली गांव के मोड़ के सामने अचानक बाइक अनियंत्रित होकर हाईवे से नीचे चली गई और दोनों बाइक समेत खंती में जा गिरे। दोनों एक ही परिवार के बताए गए हैं।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
थानाध्यक्ष प्रिंस कुमार ने बताया कि मौके पर जांच के दौरान मोनू उर्फ उत्कर्ष की मौत हो चुकी थी। घायल नन्हे को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज है। परिजनों के अनुसार मोनू ने हादसे के समय हेलमेट नहीं लगा रखा था। वह अविवाहित था और अपनी पिकअप से दूध डेयरी तक पहुंचाने का काम करता था। वह परिवार का इकलौता पुत्र था और उसकी तीन बहनें हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।