Hamirpur: 20 घंटे बाद भी लैब टेक्नीशियन का नहीं चला पता, भाई का आरोप- स्टॉफ ने धक्का देकर बांध में फेंका
Hamirpur News: मौदहा बांध में बुधवार शाम डूबे लैब टेक्नीशियन का 20 घंटे बाद भी कुछ पता नहीं चल सका है। भाई ने प्राइवेट डॉक्टर सहित साथियों पर धक्का देकर बांध में फेंकने का आरोप लगाया है। सीओ राजीव प्रताप सिंह ने कहा कि युवक की तलाश की जा रही है।
विस्तार
हमीरपुर जिले के मौदहा बांध में बुधवार शाम डूबे प्राइवेट अस्पताल के लैब टेक्नीशियन का 20 घंटे बाद भी पता नहीं चला है। भाई ने डॉक्टर से विवाद होने पर अस्पताल स्टॉफ द्वारा बांध में डुबोने का आरोप लगाया था। एसडीआरएफ टीम द्वारा रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है।
कोतवाली क्षेत्र के अकौना गांव निवासी बृजगोपाल पाठक ने बताया कि उनका छोटा भाई रोहित पाठक (23) हमीरपुर रोड स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में लैब टेक्नीशियन है। पांच दिन पहले डॉक्टर से कुछ मामूली विवाद हो गया था। बुधवार शाम को भाई के साथियों ने फोन कर मौदहा बांध पर पिकनिक मनाने के लिए बुलाया था।
डॉक्टर और उसके साथी मौके से भागे
यहां मौजूद अस्पताल स्टॉफ ने उसे धक्का देकर बांध में डुबो दिया। सूचना मिलने पर परिजन ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे, जहां डॉक्टर कुछ साथियों के साथ मौके से भाग खड़ा हुआ। वहीं, दो लोगों को ग्रामीणों ने पकड़ धुनाई कर पुलिस को सौंप दिया।
पुलिस ने तलाशी अभियान शुरू किया
सूचना पर देर रात एसडीएम अभिमन्यु कुमार, सीओ राजीव प्रताप सिंह, मुस्करा पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझा बुझाकर युवक को खोजने का प्रयास कर किया, लेकिन रात में अंधेरा होने पर सफलता नहीं मिली। युवक अपने तीन भाइयों बृजगोपाल, रामगोपाल, कृष्णा से छोटा था।
रेस्क्यू अभियान जारी
बृहस्पतिवार सुबह साढ़े आठ बजे तक प्रशासन के न पहुंचने पर ग्रामीण आक्रोशित होकर राठ-हमीरपुर मार्ग पर जाम लगाने की तैयारी कर रहे थे। तभी लखनऊ से एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची, जिससे ग्रामीण शांत हो गए और टीम ने रेस्क्यू अभियान जारी किया।