Green Park: सीमेंटेड सीट वाली दीर्घाएं होंगी ध्वस्त, बनेगी तीन मंजिला दीर्घा… मंडलायुक्त ने दिए ये निर्देश
Kanpur News: ग्रीनपार्क स्टेडियम को विकसित करने के लिए मंडलायुक्त ने बैठक में निर्देश दिए हैँ। इसके तहत चरणबद्ध तरीके से काम कराया जाएगा। पहले चरण में स्टेडियम का ड्रेनेज सिस्टम विकसित करने के साथ गी दर्शक क्षमता बढ़ाई जाएगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कानपुर में भारत-बांग्लादेश टेस्ट क्रिकेट मैच के दौरान खराब ड्रेनेज सिस्टम की वजह से देश भर में हुई किरकिरी के बाद शासन, प्रशासन ने ग्रीनपार्क स्टेडियम की मूलभूत सुविधाओं को आधुनिक करने के लिए सक्रिय हो गया है। रविवार को मंडलायुक्त अमित गुप्ता ने अधिकारियों के साथ हुई बैठक के बाद बताया कि स्टेडियम को विकसित करने का काम चरणबद्ध तरीके कराया जाएगा।
पहले चरण में स्टेडियम में ड्रेनेज सिस्टम विकसित करने के साथ ही दर्शकों के बैठने की क्षमता बढ़ाई जाएगी। सीमेंटेड सीट वाली दर्शक दीर्घा सी-बालकनी के साथ ही बी गर्ल्स और डी इनविटेशन, ई पब्लिक को ध्वस्त कर यहां तीन मंजिला भवन बनाकर चेयर लगाई जाएगी। इसी तरह 500 लोगों के बैठने की क्षमता का वीवीआईपी ब्लॉक भी तैयार होगा, जिसके सौ फीसदी टिकट बेचे जाएंगे।
मंडलायुक्त ने इसके लिए विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया। बताया कि स्टेडियम के बिजली सप्लाई सिस्टम को उच्चीकृत किया जाएगा। बेसमेंट पार्किंग बनाने की योजना है। जिससे मैच के दौरान वाहनों की पार्किंग में कोई असुविधा न आने पाए। इसी तरह मीडिया सेंटर को भी अपग्रेड कर आधुनिक बनाया जाएगा। पहले चरण में ड्रेनेज व्यवस्था और दर्शक क्षमता में वृद्धि करने के लिए यूपीसीए आर्किटेक्ट उपलब्ध करवाते हुए डिजाइन बनवाकर उपलब्ध कराएगा।
अन्य कार्य अगले चरण में होंगे
इसी प्रकार अगले चरण में अन्य कार्य होंगे। बैठक में केडीए वीसी मदन सिंह गर्ब्याल, केस्को एमडी सैमुअल पॉल एन, नगर आयुक्त सुधीर कुमार, पुलिस उपायुक्त (यातायात) रवींद्र कुमार समेत यूपीसीए, खेल और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। इसमें विशेष सचिव खेल राजेश कुमार और खेल निदेशक डॉ. आरपी सिंह ऑनलाइन शामिल हुए।
ग्रीनपार्क में सीमेंटेड सीटों वाली सभी दीर्घाओं को गिराकर तीन मंजिला भवन तैयार किया जाएगा। इसमें दर्शकों के बैठने के लिए चेयर लगवाई जाएंगी। इसके साथ ही स्टेडियम में ड्रेनेज सिस्टम भी विकसित किया जाएगा। हम जल्द ही डिजाइन तैयार करवाकर शासन को उपलब्ध कराएंगे। -अंकित चटर्जी, सीईओ, यूपीसीए
एक दिन पहले खेल मंत्री ने भी किया था स्टेडियम का निरीक्षण
ग्रीनपार्क स्टेडियम में दर्शक क्षमता बढ़ाने और अन्य सुविधाओं को बेहतर करने को लेकर एक दिन पहले प्रदेश के युवा कल्याण एवं खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने स्टेडियम का निरीक्षण कर यहां की दिक्कतों को समझा था। इससे पहले सांसद रमेश अवस्थी ने खेल मंत्री को उनके कानपुर आगमन पर सर्किट हाउस में मिलकर उन्हे ऐतिहासिक ग्रीन पार्क स्टेडियम की दिक्कतों के विषय में एक पत्र सौंपा था। जिसमें उनसे इसे आधुनिक स्टेडियम बनाने की मांग की थी।