Unnao Crime: सामूहिक दुष्कर्म के बाद हुई थी छात्रा की हत्या, दोनों आरोपियों पर NSA की कार्रवाई, ये है वजह
Unnao News: सफीपुर कोतवाली क्षेत्र में पांच महीने पहले कक्षा नौ की छात्रा से दुष्कर्म के बाद कार से कुचलकर हत्या कर दी गई थी। मामले में दोनों आरोपी जेल में हैं और बाहर आने के लिए जमानत का प्रयास कर रहे थे।
विस्तार
उन्नाव जिले में महिला सुरक्षा का मुद्दा उछलने के बाद पुलिस ने एसे मामलों में सख्त कार्रवाई शुरू की है। पांच महीने पहले छात्रा को घर से बुलाकर सामूहिक दुष्कर्म करने और इसके बाद कार से कुचकर हत्या करने वाले दो नामजद आरोपियों पर एनएसए लगाया गया है।
सफीपुर कोतवाली क्षेत्र एक गांव निवासी 14 साल की कक्षा नौ की छात्रा को परियर निवासी पिंटू रावत ने 22 फरवरी 2023 की रात 11 बजे मिलने के लिए बुलाया था। इस दौरान उसके साथ औरास थाना क्षेत्र के गांव गलरापुर निवासी उसका दोस्त रोहित रावत भी था।
दोनों ने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान किशोरी के फोन पर लगातार घर से फोन आने लगे तो राज खुलने के डर से अपनी ही कार से कुचलकर हत्या कर दी थी। कुवैत में रहने वाले किशोरी के पिता के आने के बाद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की, तो हकीकत समाने आई।
आरोपी जमानत की फिराक में थे
26 फरवरी को पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने जेल भेज दिया था। यह घटना क्षेत्र में कई दिनों तक चर्चा का विषय भी बनी थी। यह दोनों आरोपी जमानत की फिराक में लगे थे। दोनों आरोपियों के बाहर आने के बाद समाज में डर फिर से फैला।
दोनों के खिलाफ एनएसए की कार्रवाई
इसको लेकर कोतवाल ने डीएम और एसपी से दोनों के खिलाफ एनएसए लगाने के लिए अनुमति मांगी थी। अनुमति मिलने के बाद पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनएसए (राष्ट्रीय सुरक्षा कानून) भी लगाया है। सफीपुर सीओ ऋषिकांत शुक्ला ने बताया कि दोनों ने जघन्य घटना की थी।
बदमाशों में पैदा होगी दहशत
गंभीर अपराध करने से दोनों के खिलाफ एनएसए की कार्रवाई की गई है। दोनों आरोपी लगातार जमानत का प्रयास कर रहे थे। एनएसए लगने के बाद जमानत भी आसानी से नहीं मिलेगी। सीओ ने बताया कि साथ ही ऐसा करने की सोचने वालों में भी दहशत पैदा होगी।