10 लाख लोगों ने झेला पानी संकट: बैराज वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट तीन दिन के लिए बंद, पांच करोड़ लीटर पानी की सप्लाई ठप
बैराज वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट तीन दिनों के लिए बंद होने से पहले ही दिन 10 लाख की आबादी को पानी का संकट झेलना पड़ा। लगभग पांच करोड़ लीटर पानी की सप्लाई पूरी तरह ठप रही।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भीषण गर्मी में लोगों को पानी का संकट भी झेलना पड़ रहा है। गंगा बैराज स्थित जल निगम का वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट सोमवार से बंद होने के कारण सिटी से साउथ तक करीब 10 लाख लोगों ने पानी का संकट झेला। प्लांट से 18 मई तक पानी की सप्लाई नहीं हो सकेगी। जल निगम के सहायक अभियंता अजमल हुसैन ने बताया कि सोमवार सुबह बैराज स्थित जल निगम का वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट तीन दिन के लिए बंद कर दिया गया। इस प्लांट से सिटी और साउथ में होने वाली करीब पांच करोड़ लीटर पानी की आपूर्ति ठप हो गई है।
एक और प्लांट बंद करने की थी तैयारी
गंगा बैराज में मुख्य पाइप लाइन (राइजिंग मेन) जोड़ने के लिए 17 मई को जलकल विभाग अपना वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट भी दो दिन के लिए बंद करने जा रहा था, लेकिन जलकल के महाप्रबंधक नीरज गौड़ ने गर्मी को देखते हुए फैसला निरस्त कर दिया। गर्मी से राहत मिलने के बाद पाइप लाइन शिफ्ट की जाएगी।
दो दिन के लिए बैराज स्थित जलकल का वॉटर बंद किया जा रहा है। इस वजह से पश्चिमी क्षेत्र के सभी जोनल पंपिंग स्टेशन और पानी की आपूर्ति बंद रहेगी। लोगों से अपील है कि वे पानी का स्टाक कर लें। -केपी आनंद, सचिव, जलकल विभाग
विज्ञापन विज्ञापन
पाइप लाइन की शिफ्टिंग शुरू
उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने सोमवार को नवीन मार्केट और बड़ा चौराहा पर भूमिगत मेट्रो स्टेशन निर्माण के लिए बैराज की मुख्य पाइप लाइन (राइजिंग मेन) शिफ्ट करने का कार्य शुरू किया। 17 मई तक पाइप लाइन शिफ्ट हो जाएगी, लेकिन शट डाउन 18 मई तक मांगा गया है। गंगा बैराज स्थित जल निगम के वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट से सिटी में माल रोड होते हुए फूलबाग इंटरमीटिएट पंपिंग स्टेशन तक पानी जाता है।
बेनाझाबर वॉटर वर्क्स में भी कार्य शुरू
कानपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड की तरफ से वाटर सप्लाई स्कॉडा के तहत कराए जा रहे कार्य के तहत बैराज से आई मुख्य पाइप लाइन को भी जोड़ने का कार्य सोमवार को शुरू किया गया।
पानी का स्टॉक हुआ खत्म, पड़ोसियों से मांगी मदद
गंगा बैराज वाटर ट्रीटमेंट प्लांट सोमवार से तीन दिन के लिए बंद रहेगा। इससे साउथ के गोविंद नगर, निराला नगर, जूही लाल कॉलोनी, जूही हरी कॉलोनी, जूही पीली कॉलोनी, जूही सफेद कॉलोनी, बारादेवी, जूही बम्बुरहिया, जूही गढ़ा, किदवई नगर एन-ब्लॉक, दामोदर नगर, कर्रही समेत अन्य इलाकों में जलापूर्ति ठप रही। इससे भीषण गर्मी में लोगों को पानी के लिए परेशान होना पड़ा।
घरों में किया गया पानी का स्टॉक भी दोपहर बाद खत्म हो गया। आसपास रहने वाले लोगों से पानी की मदद मांग कर काम चलाया। निराला नगर निवासी रमेश चंद शिवकुमार, बारादेवी निवासी आशा शुक्ला, शकुंतला देवी ने बताया कि गर्मी में पानी खपत बढ़ने के बाद भी सप्लाई बाधित कर दी गई।