किसान सुसाइड केस: दो लोगों पर स्टांप चोरी की भी होगी रिपोर्ट, भाजपा नेता समेत पांच अन्य का नहीं लगा सुराग
Kanpur News: किसान बाबू सिंह की पत्नी बिटान ने भाजपा नेता डॉ. प्रियरंजन, उसके ड्राइवर बबलू, अपने भतीजे जितेंद्र, राहुल जैन, मधुर पांडेय और शिवम चौहान के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज कराई थी। चकेरी पुलिस अब तक सिर्फ राहुल जैन को ही गिरफ्तार कर सकी है।
विस्तार
कानपुर के चकेरी गांव में किसान बाबू सिंह यादव की 6.29 करोड़ की जमीन हड़पकर उन्हें खुदकुशी के लिए मजबूर करने वाले दो आरोपियों की मुसीबत बढ़ती दिख रही है। दिल्ली के होटल से गिरफ्तार राहुल जैन ने जमीन हड़पने के साथ ही लाखों रुपये की स्टांप चोरी भी की। इसकी पुष्टि एडीएम फाइनेंस की जांच में हुई है। पुलिस अब स्टांप चोरी करने के मामले में भी रिपोर्ट दर्ज करेगी।
एडीएम फाइनेंस की जांच में 4.77 लाख रुपये के स्टांप चोरी की पुष्टि होने के बाद जिलाधिकारी विशाख जी. ने एआईजी स्टांप को आदेश दिए हैं। नौ सितंबर को बाबू सिंह ने 6.29 करोड़ रुपये कीमत की जमीन हड़पे जाने से आहत होकर ट्रेन से कटकर खुदकुशी कर ली थी। पुलिस ने पत्नी बिटान की तहरीर पर भाजपा नेता डॉ. प्रियरंजन, अपने भतीजे जितेंद्र, नेता के चालक बबलू, राहुल जैन, मधुर पांडेय व शिवम चौहान के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी।
4.77 लाख की स्टांप चोरी पकड़ी गई थी
वहीं, दूसरी तरफ जमीन रजिस्ट्री कराने के दौरान 4.77 लाख रुपये के स्टांप चोरी की भी बात सामने आई है। नोएडा गौतमबुद्ध नगर निवासी राहुल जैन के नाम 18 मार्च 2023 को 1.215 हेक्टेयर जमीन की रजिस्ट्री हुई थी। जमीन का कुल मूल्य 2.37 करोड़ रुपये था। इसके बाद भी राहुल जैन ने जमीन के भुगतान के रूप में 25 लाख का सौदा दिखाया था। एडीएम फाइनेंस ने प्रकरण की जांच 20 जुलाई 2023 को कराई थी, जिसमें 4.77 लाख रुपये की स्टांप चोरी पकड़ी गई थी।
कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराई जाएगी
इसके अलावा 68 हजार रुपये निबंधन शुल्क में भी कमी पाई गई। इस मामले में एआईजी स्टांप ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। वहीं, इसी प्रकरण में यशोदानगर निवासी मधुर पांडे के नाम भी 0.1025 हेक्टेयर जमीन की रजिस्ट्री हुई थी। इसमें सात लाख का भुगतान दिखाया गया था। उसके खिलाफ भी स्टांप चोरी के साक्ष्य एडीएम फाइनेंस राजेश कुमार को मिले हैं। डीएम की संस्तुति के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
भाजपा नेता समेत पांच अन्य का नहीं लगा सुराग
किसान बाबू सिंह की पत्नी बिटान ने भाजपा नेता डॉ. प्रियरंजन, उसके ड्राइवर बबलू, अपने भतीजे जितेंद्र, राहुल जैन, मधुर पांडेय और शिवम चौहान के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज कराई थी। चकेरी पुलिस अब तक सिर्फ राहुल जैन को ही गिरफ्तार कर सकी है। शेष आरोपी अभी भी फरार हैं। लोगों में चर्चा है कि भाजपा नेता की पहुंच के चलते चकेरी पुलिस खुद उस पर हाथ डालने से बच रही है।
कैंडल जलाकर मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार
किसान बाबू सिंह यादव को खुदकुशी के लिए उकसाने वाले भाजपा नेता की गिरफ्तारी न होने से आक्रोशित किसान की पत्नी बिटान, बेटियों और परिजनों ने न्याय संघर्ष समिति के संयोजक अभिमन्यु गुप्ता और सपा नेता फतेह बहादुर गिल के नेतृत्व में कैंडल जलाकर मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार लगाई। इस दौरान अंकुश यादव, जय गुप्ता आदि मौजूद रहे।