Kanpur: फैक्टरी मालिक ने हड़पे रुपये, बेटी का रिश्ता टूटने से पिता की मौत, बेटियों ने दर्ज कराई रिपोर्ट
नवाबगंज थाना क्षेत्र में फैक्टरी मालिक द्वारा रिटायर्ड कर्मचारी के रुपये हड़पने का मामला सामने आया है। आरोपी ने बेटियों की शादी में रुपये देने की बात कही थी, लेकिन उसने ऐसा नहीं किया। इससे बेटी का रिश्ता टूट गया, जिससे पिता की मौत हो गई।
विस्तार
कानपुर में नवाबगंज के मैनावती मार्ग निवासी कत्था फैक्टरी के मालिक मनोज गुप्ता ने वन विभाग से रिटायर्ड कर्मचारी धर्मराज यादव के 10 लाख रुपये हड़प लिए। इसके चलते उनकी बेटी का रिश्ता टूट गया। इससे सदमे में आए धर्मराज ने दम तोड़ दिया।
थाने में सुनवाई न होने पर मृतक की बेटी ने पुलिस कमिश्नर के आदेश पर फैक्टरी मालिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। ऐलन फॉरेस्ट कॉलोनी निवासी मालती यादव ने बताया कि उनके पिता धर्मराज यादव वन विभाग ने से 2015 में सेवानिवृत्त हुए थे।
इसके बाद मैनावती मार्ग निवासी कत्था फैक्टरी के मालिक मनोज गुप्ता ने अपनी फैक्टरी में उन्हें नौकरी पर रख लिया। वर्ष 2016 में मनोज ने दोगुने ब्याज का झांसा देकर सेवानिवृत्त के दौरान मिले 10 लाख रुपये ले लिए। बेटी के शादी के वक्त देने की बात कही थी।
आरोप है कि जब मालती की शादी तय हुई, तो पिता ने उनसे रुपये की मांग की। इस पर फैक्टरी मालिक ने इंकार कर दिया। इधर दहेज की रकम न पहुंचने पर लड़के वालों ने रिश्ता तोड़ दिया। इससे डिप्रेशन में आए धर्मराज ने दम तोड़ दिया।
पिता की मौत के बाद जब उनकी दोनों बेटियां मनोज के पास ब्याज सहित रुपये मांगने गईं, तो फैक्टरी मालिक ने गाली गलौज की। अभद्रता करते हुए जान से मारने की धमकी दी। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।