UP: नीचे यमुना का उफान, पुल पर भरा पानी.. आफत में राहगीरों की जिंदगानी; औरैया-जालौन सीमा पर जानलेवा हुआ सफर
Auraiya News: औरैया और जालौन को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण यमुना पुल जर्जर हालत में पहुंच गया है। लगातार बारिश के कारण पुल पर जलभराव हो गया है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
विस्तार
नीचे उफान मारती यमुना नदी और ऊपर जर्जर पुल पर घुटनों तक भरा पानी... इसके बीच से गुजरते राहगीरों की मानो सांसें अटकी हुई हैं। औरैया और जालौन की सीमाओं को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण यमुना पुल इन दिनों मौत का पर्याय बन चुका है। उफनती नदी के बीच जर्जर पुल पर जलभराव और बड़े-बड़े गड्ढों के कारण कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है, लेकिन जिम्मेदार प्रशासन बेखबर बैठा है।
नीचे उफान मारती नदी, ऊपर पुल पर भरा पानी
इलाके में लगातार हो रही बारिश से यमुना नदी के जलस्तर में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। वहीं, पुल पर जलनिकासी का कोई इंतजाम न होने के कारण बारिश का पानी जमा हो गया है। लगभग एक किलोमीटर लंबे इस पुल की सड़क पूरी तरह उखड़ चुकी है। पानी भरा होने के कारण गड्ढों की गहराई का अंदाजा लगाना नामुमकिन हो जाता है, जिससे दो पहिया और चार पहिया वाहन अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार होने की कगार पर पहुंच जाते हैं।
जिंदगानी जोखिम में डालकर गुजर रहे हजारों लोग
औरैया और जालौन के बीच रोजाना हजारों लोग अपनी रोजी-रोटी, पढ़ाई और इलाज के सिलसिले में इसी पुल से होकर गुजरते हैं। लेकिन वर्तमान में पुल की जर्जर हालत को देखकर हर कोई सहम जाता है। राहगीरों का कहना है कि उफनती नदी के ऊपर बने इस जर्जर पुल से गुजरना मतलब सीधे अपनी जान जोखिम में डालना है।
प्रशासन की बेरुखी से स्थानीय लोगों में आक्रोश
इतनी विकट और खतरनाक स्थिति के बावजूद जिला प्रशासन या संबंधित निर्माण विभाग की ओर से न तो पुल की मरम्मत कराई जा रही है और न ही पानी की निकासी की कोई व्यवस्था की गई है। अधिकारियों की इस बड़ी लापरवाही को लेकर स्थानीय ग्रामीणों, वाहन चालकों और व्यापारियों में भारी रोष व्याप्त है।