{"_id":"92642bdedc5c8472dee0c88a58df3b63","slug":"pictures-do-not-lie-sir-sp-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"तस्वीरें झूठ नहीं बोलतीं एसपी साहब","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
तस्वीरें झूठ नहीं बोलतीं एसपी साहब
अमर उजाला ब्यूरो/कानपुर
Updated Sun, 07 Feb 2016 01:37 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शुक्रवार को ब्लाक प्रमुख नामांकन के दौरान झींझक में हुए भारी बवाल पर पुलिस ने उन्हीं पीड़ितों के खिलाफ ही रिपोर्ट दर्ज कर ली जिन्हें मारा-पीटा गया और नामांकन नहीं करने दिया गया। इतने बड़े बवाल के बाद भी एसपी एक ही रट लगाए रहे कि नामांकन शांतिपूर्ण रहा। उन्हें बवाल की लाइव कवरेज, फोटो दिखाए गए तो उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया।
विज्ञापन
अब सवाल यह है कि अगर कोई बवाल नहीं हुआ तो एसओ को क्यों निलंबित किया गया। अगर बवाल नहीं हुआ तो ये फोटो और फुटेज कहां से आ गए। साफ है कि पुलिस-प्रशासन सत्ता के दबाव में ‘निष्पक्ष’ चुनाव करा रहा है। लेकिन पब्लिक जानती है कि तस्वीरें झूठ नहीं बोलती हैं, सबकी पोल खोलती हैं।
विज्ञापन
शुक्रवार को ब्लाक प्रमुख चुनाव के नामांकन में सपाइयों ने दूसरी प्रत्याशी रेनू शर्मा को नामांकन दाखिल नहीं करने दिया था और पुलिस मूकदर्शक बनी रही थी। सपा कार्यकर्ताओं ने जमकर हवाई फायरिंग व पथराव भी किया था। रेनू के पति सपा नेता बब्बन शर्मा, उनके प्रस्तावक, समर्थक, वकील धनंजय पांडेय समेत दर्जन भर लोग चुटहिल हो गए थे।
विज्ञापन
यही नहीं जब रेनू पुलिस सुरक्षा में नामांकन दाखिल करने जा रहीं थी तब सपाइयों ने उन्हें अगवा कर लिया था और एक मकान में चार घंटे तक बंधक बनाए रखा था।
‘अमर उजाला’ में सच्चाई प्रकाशित होने पर एसपी देहात सभा राज ने मंगलपुर एसओ को सस्पेंड कर दिया लेकिन सपा प्रत्याशी राजेंद्र सिंह के भाई गजेंद्र सिंह की तहरीर पर बब्बन शर्मा, रेनू शर्मा, लालू पांडे, रमन गुप्ता, अमित, मुकुल, विश्वनाथ संखवार, राजेश यादव, देवेंद्र शर्मा, धनंजय पांडे समेत 500 लोगों के खिलाफ बलवा आदि धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली।
राज्य निर्वाचन आयोग पहुंची रेनू
कानपुर देहात। झींझक में नामांकन न करने देने पर सपा की बागी प्रत्याशी रेनू शर्मा व उनके पति बब्बन शर्मा, अधिवक्ता विजय नारायन सेंगर के साथ लखनऊ स्थित राज्य निर्वाचन आयोग कार्यालय पहुंची और विशेष कार्याधिकारी जेपी सिंह से मिलीं।
उन्होंने विशेष कार्याधिकारी को ‘अमर उजाला’ में छपी खबरें और इलेक्ट्रानिक चैनलों के वीडियो फुटेज दिखाए। रेनू शर्मा ने अपना शिकायती पत्र विशेष कार्याधिकारी को सौंपा। विशेष कार्याधिकारी ने कानपुर देहात के पर्यवेक्षक से रिपोर्ट मांगी है। विशेष कार्यधिकारी ने बताया कि प्रेक्षक की रिपोर्ट आने के बाद कार्यवाही की जाएगी।
पहले ही जताई थी बवाल की आशंका
कानपुर देहात। झींझक ब्लाक प्रमुख पद की दावेदार रेनू शर्मा ने नामांकन तिथि से दो दिन पूर्व 3 फरवरी को अनहोनी की आशंका जता कर अपर पुलिस अधीक्षक व मुख्य विकास अधिकारी को प्रार्थना पत्र देते हुए सुरक्षा की मांग की थी। ये भी कहा था कि सत्ताधारी दल के कुछ लोग उन्हें नामांकन दाखिल न करने के लिए धमकियां दे रहे हैं।
डीजीपी से मिलेंगे
कानपुर। बब्बन और उनके समर्थकों ने आरोप लगाया कि पहले पुलिस सुरक्षा से रेनू को अगवा कर लिया गया है। उन्हें नामांकन दाखिल नहीं करने दिया गया और अब पुलिस उल्टे हम लोगों के खिलाफ ही कार्रवाई कर रही है।
जिन लोगों ने खुलेआम पथराव व फायरिंग की, उनके खिलाफ पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। न्याय के लिए वह डीजीपी से मिलेंगे।
आईजी-एसएसपी ने शुरू कराई जांच
कानपुर(ब्यूरो)। ब्लाक प्रमुख चुनाव नामांकन में झींझक, मलासा और अन्य जगहों पर हुए बवाल की आईजी और एसएसपी ने जांच के आदेश दिए हैं। आईजी जकी अहमद और एसएसपी शलभ माथुर ने वीडियो फुटेज के आधार पर उपद्रवियों को चिन्ह्ति करने के आदेश दिए हैं।
अब दिए गनर
ब्लाक प्रमुख चुनाव के नामांकन में भारी बवाल के बाद एसएसपी ने शनिवार को ब्लाक प्रमुख के 20 प्रत्याशियों को गनर दे दिए। खतरे की आशंका जताने वाले प्रत्याशियों को विशेष सुरक्षा मुहैय्या कराने की भी बात कही है। एसएसपी ने बताया कि पूरे चुनाव की वीडियो रिकॉर्डिंग की जाएगी। फोर्स भी बढ़ा दी गई है।
सपा के इशारे पर गुंडई : कलराज
केंद्रीय मंत्री कलराज मिश्रा ने पंचायत और ब्लाक प्रमुख चुनाव के मुद्दे पर प्रदेश सरकार को घेरा। कहा कि प्रत्याशी को निर्विरोध ब्लाक प्रमुख की कुर्सी पर बैठाने के लिए सपा के इशारे पर गुंडई हो रही है। पुलिस - प्रशासन मूक दर्शक बना हुआ है।
प्रदेश के हालात से लगता है कि सपा लोकतंत्र पर ही कब्जे का प्रयास कर रही है। फतेहपुर में शिवहरे रामजानकी हनुमान मंदिर में ददुआ की मूर्ति की स्थापना के सवाल पर खामोश कलराज ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण आज भी भाजपा की प्राथमिकता में है। बस कोर्ट के फैसले का इंतजार है।