फिर बड़े बवाल की आशंका, कांग्रेस और भाजपा प्रत्याशी के घर भारी फोर्स तैनात
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कानपुर के किदवईनगर विधानसभा क्षेत्र में रविवार को मतदान के दौरान हुई भाजपा प्रत्याशी महेश त्रिवेदी और विधायक व कांग्रेस-सपा गठबंधन के प्रत्याशी अजय कपूर के समर्थकों के बीच रविवार को बवाल के बाद सोमवार को भी गहमागहमी का माहौल रहा। दोबारा बवाल की आशंका के चलते पुलिस अलर्ट रही। दोनों प्रत्याशियों के घर, आसपास और रास्तों पर अलग-अलग थानों का फोर्स तैनात रहा। वहीं भाजपाइयों की ओर से दर्ज कराए गई रिपोर्ट की जांच चल रही है। अभी तक किसी की गिरफ्तार नहीं हुई है।
रविवार को मतदान के दौरान गोविंद नगर स्थित चाचा नेहरू इंटर कालेज में फर्जी वोटिंग की सूचना पर पहुंचे भाजपाइयों की कांग्रेसियों से बहस के बाद मारपीट पथराव और फायरिंग तक हो गई थी। मारपीट में भाजपा दक्षिण जिला महामंत्री शिवशंकर सैनी और प्रत्याशी महेश त्रिवेदी के बेटे शिवम व भतीजे उत्कर्ष समेत छह लोग घायल हुए थे। बवाल के दौरान पथराव से एक दर्जन से ज्यादा गाड़ियां क्षतिग्रस्त हुईं थीं। पुलिस ने बल प्रयोग करके बवाल तो शांत करा दिया था लेकिन तनाव की स्थिति बनी रही।
विधायक अजय कपूर के समर्थकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर भाजपाई गोविंद नगर थाने में धरने बैठ गए थे। बाद में पुलिस ने घायल भाजपाई रतनलाल नगर निवासी सुशील कुमार द्विवेदी की तहरीर पर विधायक अजय कपूर के भाई विजय कपूर और उनके साले दिल्ली निवासी राजन बरारा, अमित जुनेजा व परमिंदर सरदार समेत 50-60 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर धरना खत्म कराया था। हालांकि पुलिस को दोबारा बवाल की आशंका थी।
इसके चलते रात में दोनों प्रत्याशियों के घर, आस-पास और रास्तों पर भारी फोर्स तैनात रहा। एसपी साउथ राकेश कुमार जौली ने बताया कि लोकल थाने की पुलिस पर पक्षपात के आरोप लग सकते थे। ऐसे में किदवई नगर स्थित भाजपा प्रत्याशी के घर पर अर्मापुर और विधायक अजय कपूर के आवास पर बिधनू थाने का फोर्स तैनात किया गया। सीटीआई से जूही गौशाला चौराहे तक स्वरूप नगर, मूलगंज, बजरिया, कोहना, चौबेपुर और फीलखाना थाने का फोर्स तैनात किया गया। उपद्रव करने वाले के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सीसीटीवी फुटेज की जांच में एक्सपर्ट की मदद
किदवईनगर विधानसभा क्षेत्र से विधायक व सपा-कांग्रेस गठबंधन के प्रत्याशी अजय कपूर के गोविंद नगर स्थित कार्यालय पर हुए हमले की जांच पुलिस ने शुरू कर दी है। पुलिस ने गेस्ट हाउस से सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में ले लिया है। एसपी साउथ राकेश जौली ने बताया कि फुटेज को साफ कराने के लिए एक्सपर्ट की मदद ली जा रही है। कारों के नंबर और चेहरों की पहचान कराने के बाद उनसे संपर्क किया जाएगा।