इटावा: होटल संचालक पर कार चढ़ाने की कोशिश, पिस्टल से की फायरिंग, वारदात CCTV में कैद, छह आरोपियों पर रिपोर्ट
Etawah News: सिविल लाइन क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर स्थित एक होटल के बाहर संचालक पर पुरानी रंजिश के चलते जानलेवा हमला किया गया। बेकाबू कार से कुचलने में नाकाम रहने पर आधा दर्जन हमलावरों ने होटल के अंदर घुसकर तमंचे और पिस्टल से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
विस्तार
इटावा जिले में सिविल लाइन क्षेत्र में नेशनल हाईवे किनारे स्थित होटल के बाहर खड़े संचालक पर पुरानी रंजिश में कार चढ़ाने का की कोशिश की गई। बचने के लिए कारोबारी होटल के अंदर पहुंचा, तो कार सवार छह आरोपियों ने पीछा करते हुए होटल में घुसकर कट्टा और पिस्टल से फायरिंग कर दी। कारोबारी ने किसी तरह छिपकर अपनी जान बचाई। आरोपियों ने होटल का गेट भी तोड़ दिया और कारोबारी को दो दिन में पूरे परिवार समेत खत्म करने की धमकी देकर फरार हो गए।
पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने छह नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सराय दयानत निवासी दुर्गेश कुमार ने सिविल लाइन थाने में दी तहरीर में बताया कि 28 अक्तूबर की रात करीब 10:40 बजे वह नेशनल हाईवे पर सिया देवी अस्पताल के पास स्थित अपने होटल के बाहर खड़े थे। तभी पुरानी रंजिश को लेकर अंकित यादव उर्फ एलएल निवासी कृष्णा पुरम, तनुज उर्फ शक्ति निवासी आनंद नगर, अंकुश निवासी बिठारी, आलोक यादव, अभिनव यादव निवासी भगत सिंह नगर और सुमित पहलवान निवासी छिपैटी कार से वहां पहुंचे।
जान से मारने की नीयत से की फायरिंग
आरोप है कि कार को तेज रफ्तार से लाकर आरोपियों ने उन्हें कुचलने का की कोशिश की। किसी तरह बचकर वह होटल के अंदर भागे, तो सभी आरोपी पीछा करते हुए जबरन होटल में घुस आए। वहां गालीगलौज करते हुए कट्टा और पिस्टल से उन पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। हालांकि, वह बाल-बाल बच गए। पीड़ित के शोर मचाने पर आसपास की दुकानों पर मौजूद अमन, कृष्णा समेत अन्य लोग मौके पर पहुंच गए।
आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है पुलिस
लोगों ने आरोपियों को ललकारा, तो वे जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। दुर्गेश का आरोप है कि हमलावरों ने होटल का गेट तोड़कर काफी नुकसान भी किया। जाते समय आरोपियों ने उन्हें और उनके परिवार को दो दिन में खत्म करने की धमकी दी। इससे पूरा परिवार दहशत में है। पीड़ित के मुताबिक, पूरी घटना होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।