लाउडस्पीकर बजाने पर दो समुदाय आमने-सामने, 13 लोगों को पुलिस ने लिया हिरासत में
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कानपुर देहात में रूरा के सराय गांव में गुरुवार की रात एक धार्मिक स्थल पर लाउडस्पीकर की तेज आवाज को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। झगड़ा बढ़ने पर दूसरे समुदाय के लोग आमने-सामने आ गए। इससे तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई।
सूचना पाकर पुलिस और प्रशासनिक अफसर फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। दोनों समुदाय के लोगों को समझाकर मामला शांत कराया। कस्बे के सराय गांव स्थित काली माता मंदिर में गुरुवार की रात आरती हो रही थी। मंदिर के पुजारी बाल किशन दीक्षित ने बताया कि आरती के दौरान मंदिर में लगे लाउडस्पीकर की आवाज तेज होने की बात कहकर पास रहने वाले दूसरे समुदाय के बबलू ने विरोध शुरू कर दिया।
बबलू के अपशब्द कहने पर विवाद हो गया। इस पर एक पक्ष के लोग सड़क पर आ गए। कुछ देर बाद बबलू के पक्ष में भी तमाम लोग इकट्ठा हो गए। इसके बाद दोनों तरफ से हंगामा और नारेबाजी शुरू हो गई। सूचना पाकर एसडीएम सदर आनंद कुमार सिंह और सीओ सदर अर्पित कपूर फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। दोनों अफसरों ने दोनों पक्ष के लोगों को समझा कर शांत कराया।
साथ ही हंगामा कर रहे दोनों पक्षों के 13 लोगों को हिरासत में ले लिया गया। शुक्रवार को पुलिस ने पकड़े गए सभी लोगों को निजी मुचलके पर थाने से छोड़ दिया। थाना प्रभारी सैय्यद मोहम्मद अब्बास ने बताया कि दोनों पक्षों में विवाद हल हो गया है। तनाव के मद्देनजर सराय गांव में फोर्स तैनात है।
इधर, एसडीएम और सीओ ने भी मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों के लोगों से बातचीत की। साथ ही मामूली बात पर माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दोनों पक्षों के लोगों को दी।
बेटी की तबियत खराब है
सराय गांव निवासी मुन्ने खां ने बताया कि उनकी बेटी गुड्डी बीमार है। मंदिर का लाउडस्पीकर तेज आवाज में बजने से बेटी को दिक्कत होती है। इसलिए दामाद बबलू ने तेज लाउड स्पीकर बजाए जाने पर एतराज किया था। इसी बात पर विवाद बढ़ गया और दोनों समुदाय के लोग आमने-सामने आ गए थे।
खुन्नस के पीछे की वजह
सरांय गांव के लोगों का कहना है कि खुन्नस के पीछे की वजह दूसरे समुदाय के युवकों का मंदिर परिसर में जुआ खेलना है। पुजारी और आसपास के लोगों ने युवकों को मंदिर परिसर में जुआं खेलने से कई बार मना किया। वे झगड़े पर आमादा हो जाते हैं, जिससे दूसरे पक्ष के लोगों में नाराजगी थी। सराय गांव में हुए विवाद की जानकारी जुटाने पहुंचे एलआईयू के कर्मचारियों को थाना प्रभारी ने फोटो खींचने से रोक दिया। इस पर एलआईयू कर्मियों व थानेदार में नोकझोंक भी हुई। इसके बाद भी एलआईयू कर्मियों ने अपना काम किया। सूचना संकलित की। फोटो खींचकर रिपोर्ट आला अफसरों को भेज दी।
एसपी का बयान
दोनों समुदाय के लोगों को चेतावनी दी गई है कि दोबारा माहौल बिगाड़ने की कोशिश की गई तो दोषी के खिलाफ कार्रवाई होगी। कहा गया कि मंदिर में आरती के वक्त दूसरा पक्ष अपने धार्मिक स्थल का लाउडस्पीकर बंद रखेगा। दूसरे पक्ष के धार्मिक स्थल पर इबादत के वक्त मंदिर का भी लाउडस्पीकर नहीं बजेगा। दोनों धार्मिक स्थलों में जितने लाउडस्पीकर लगे हैं, उसके अतिरिक्त कोई और लाउडस्पीकर सिस्टम नहीं लगेगा।
- अनुराग वत्स एसपी