शिवली (कानपुर देहात)। ज्योति गांव से किशोर के अपहरण व हत्या के मामले में पुलिस ने उसके बहनोई समेत चार लोगों को गुरुवार को कोर्ट में पेश किया। उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त कार व रस्सी बरामद हो गई है। इधर, एकलौते बेटे की हत्या के बाद घर में मातम छाया है। पड़ोसी व गांव के लोग घर पहुंचकर ढांढस बंधा रहे हैं।
ज्योति गांव के किशोर लकी सिंह उर्फ छोटू का 16 जनवरी को अपहरण हो गया था। मामले में पुलिस गुमशुदगी दर्ज कर छानबीन कर रही थी। पुलिस ने उसके बहनोई दयालपुरवा नौबस्ता कानपुर निवासी सेना का जवान सुमित सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो मामले का खुलासा हो गया। उसकी निशानदेही पर ही 25 जनवरी को फतेहपुर जिले के तेंदुली नहर में लकी का शव बरामद कर लिया गया था। गुरुवार को घटना का खुलासा करते हुए कोतवाल वीरपाल सिंह तोमर ने बताया कि मृतक के बहनोई सुमित के अलावा उसके साथी रानीखेड़ा परसेनी मोहनलालगंज लखनऊ के अशोक कुमार, भारू बिधनू कानपुर के सूरज कुमार उर्फ गोलू, शिवम सविता को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इनके पास से घटना में प्रयुक्त कार व रस्सी बरामद कर ली गई है। आरोपी सुमित ने बताया कि लकी ने उसकी बहन से मारपीट करके अपमान किया था। बदला लेने के लिए घटना को साथियों के साथ मिलकर अंजाम दिया। बताया कि वह ससुर दिनेश सिंह की भी हत्या करना चाहता था। साले लकी का अपहरण करने के दो घंटे बाद ही गला घोंटकर हत्या कर दी थी। शव रामगंगा नहर में फेंक कर फरार हो गए थे।