Coronavirus: भीड़भाड़ वाले स्थानों पर मास्क पहनना फिर जरूरी, जिलाधिकारी ने जारी की कोविड गाइडलाइन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कानपुर में मास्क लगाना अब फिर से अनिवार्य हो गया है। साथ ही दो गज दूरी के नियम का भी पालन करना होगा। दरअसल, कोरोना के नए वैरिएंट बीएफ.7 के संक्रमण को देखते हुए जिला प्रशासन ने कोविड गाइड लाइन जारी कर दी है। इसके तहत भीड़भाड़ वाले स्थानों पर मास्क पहनना और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना अनिवार्य कर दिया गया है।
अस्पतालों में बुखार और सर्दी के मरीजों की रैंडम आरटीपीसीआर जांच करने का निर्देश सीएमओ को दिया है। जिलाधिकारी विशाख जी. ने प्रशासनिक अधिकारियों व चिकित्साधिकारियों के साथ रविवार शाम कोरोना के संभावित खतरे को देखते हुए बैठक की। सभी को भीड़ वाले स्थानों पर निगरानी बढ़ाने को कहा गया है।
यह भी निर्देश दिया कि कोरोना को लेकर लोगों में हड़कंप जैसी स्थिति न होने पाए, इसका भी ध्यान रखा जाए। बाजारों, स्टेशनों व बस अड्डों पर लोग मास्क जरूर पहनें, इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर एसीएम, डीपीआरओ और थानों की टीम भी गठित कर दी गई है। टीम को निर्देश हैं कि रोजाना मानीटरिंग कर रिपोर्ट दी जाए। इसके अलावा सभी सीएचसी पर भी कोराना बचाव संबंधी व्यवस्थाएं बढ़ाने को कहा गया है।
कोविड निगरानी समिति की बैठक
कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए जिलाधिकारी विशाख जी. ने सोमवार को पूर्व में बनाई गई कोविड निगरानी समिति की बैठक बुलाई है। इसके लिए मुख्य चिकित्साधिकारी को पूरी रिपोर्ट बनाकर लाने को कहा है। डीएम ने सीएमओ से यह भी कहा है कि वे यह भी रिपोर्ट बनाकर लाएं कि उन्हें कोविड मरीजों के इलाज के लिए कितने चिकित्सक व पैरामेडिकल स्टाफ की जरूरत है। ताकि आगे की व्यवस्था बनाई जा सके।
कोरोना से बचने के लिए सभी से मास्क अनिवार्य रूप से पहनने को कहा जा रहा है। इसके लिए टीमें भी बनाई जा रही हैं। खासकर भीड़ वाले स्थानों पर लोग मास्क जरूर पहनें, इसके लिए अपील भी की जा रही है। साथ ही टेस्टिंग प्रक्रिया तेज की जा रही है। एक-दो दिन में इसमें और तेजी आएगी।- विशाख जी. जिलाधिकारी