केडीए बोर्ड बैठक: मेट्रो रूट पर घरों का हो सकेगा व्यवसायिक उपयोग, मकानों की ऊंचाई बढ़ाने का भी खुलेगा रास्ता
Kanpur News: समिति की संस्तुति को प्राधिकरण बोर्ड की 26 मार्च 2021 को हुई 132वीं बोर्ड बैठक में अनुमोदित किया गया था। टीओडी जोन का प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक भवनों, प्लाट मालिकों को इस नीति का लाभ दिलाने की तैयारी की जा रही है।
विस्तार
कानपुर में मेट्रो रूट के दोनों तरफ 500 मीटर के दायरे में आवासीय मकानों में व्यावसायिक उपयोग हो सकेगा। ट्रांजिट ओरिएंटेड डेवलपमेंट (टीओडी) जोन में आने वाले इन मकानों की ऊंचाई (फ्लोर एरिया रेशियो) भी बढ़ सकेगी। इस व्यवस्था को लागू करने के लिए मंगलवार को केडीए बोर्ड बैठक बुलाई गई है। इसमें टीओडी के संबंध में शहरवासियों से आपत्तियां, सुझाव लेने के प्रस्ताव पर मुहर लगने की संभावना है।
इससे इस रूट के आसपास व्यावसायिक गतिविधियां बढ़ेंगी और हजारों लोगों को रोजगार मिलेगा। खरीदारों को भी इस सुविधा का लाभ मिलेगा। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (यूपीएमआरसी) कॉरिडोर-1 के तहत आईआईटी से मोतीझील, माल रोड, एक्सप्रेस रोड, कानपुर सेंट्रल, झकरकटी, बारादेवी होते हुए नौबस्ता तक 23 किलोमीटर में मेट्रो ट्रेनों के संचालन के लिए रूट तैयार कर रहा है।
इसी तरह कॉरिडोर-2 के तहत सीएसए से डबल पुलिया, विजयनगर होते हुए बर्रा-8 तक आठ किलोमीटर में मेट्रो ट्रेनें चलेंगी। इसमें से साढ़े तीन किलोमीटर भूमिगत रूट और तीन स्टेशनों के निर्माण के लिए टेंडरों का तकनीकी अध्ययन हो रहा है। शेष रूट और पांच स्टेशनों के निर्माण के लिए टेंडर जारी होने वाले हैं। इसके मद्देनजर केडीए बोर्ड की 19 नवंबर 2020 को बैठक हुई थी।
टीओडी जोन के लाखों लोग होगें लाभान्वित
इसमें गठित समिति ने कानपुर महायोजना-2021 के नक्शे में टीओडी जोन का परीक्षण किया। समिति ने मेट्रो ट्रैक के दोनों तरफ 500 मीटर से ज्यादा दूरी के मोहल्लों की स्थिति, सड़क आदि के आधार पर टीओडी जोन चिह्नित किए हैं। तर्क दिया कि 500 मीटर से ज्यादा दूरी इसलिए लेनी पड़ी क्योंकि बाउंड्री, सड़क आदि चिह्नित नहीं हो पा रही थी। टीओडी जोन और इसमें रहने वाले लाखों लोग लाभान्वित होगें।
समिति की संस्तुति को प्राधिकरण बोर्ड की 26 मार्च 2021 को हुई 132वीं बोर्ड बैठक में अनुमोदित किया गया था। टीओडी जोन का प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक भवनों, प्लाट मालिकों को इस नीति का लाभ दिलाने की तैयारी की जा रही है। यूपी टीओडी नीति- 2022 के अनुपालन में टीओडी जोन के लिए जोनल डेवलपमेंट प्लान के तहत 500 मीटर से अधिक क्षेत्र को इसमें शामिल किया गया है।
सचिव शत्रोहन वैश्य की अध्यक्षता में समिति गठित की
आवास एवं शहरी नियोजन अनुभाग की चार तारीख को हुई बैठक में केडीए को टीओडी जोन चिन्हित करने और प्राधिकरण बोर्ड की अनुमति लेते हुए जल्द से जल्द अधिसूचित करने, नियमानुसार नक्शा स्वीकृत करने के निर्देश दिए। 13 तारीख को केडीए वीसी विशाख जी. ने टीओडी जोन का परीक्षण कर आगामी बोर्ड बैठक में प्रस्ताव रखने के लिए प्राधिकरण के सचिव शत्रोहन वैश्य की अध्यक्षता में समिति गठित की।
केडीए बोर्ड बैठक में स्वीकृति के लिए रखा जाएगा
23 तारीख को हुई समिति की बैठक में टीओडी जोन को कानपुर महायोजना-2031 (प्रारूप) के पार्ट मानचित्र पर चिह्नित करते हुए लोगों से आपत्ति, सुझाव आमंत्रित करने का प्रस्ताव तैयार किया गया। इसी प्रस्ताव को ही 26 सितंबर को केडीए बोर्ड बैठक में स्वीकृति के लिए रखा जाएगा। इसमें टीओडी के संबंध में शहरवासियों से आपत्तियां, सुझाव लेने के प्रस्ताव पर मुहर लगने की संभावना है।