भाजपा नेत्री से छेड़छाड़ का मामला: सीओ के बेटे पर लगे हैं आरोप, आईजी से मिला विरोध करने वाला प्रताड़ित युवक
कानपुर की बिधनू निवासी एक भाजपा नेत्री ने कानपुर आउटर में तैनात सीओ घाटमपुर के पुत्र पर उससे छेड़खानी का आरोप लगाया था। वहीं, सीओ ने घटना के वक्त विरोध करने वाले युवक पर फर्जी रिपोर्ट दर्ज करा दी। पीड़ित युवक आईजी रेंज से मिला और सीओ घाटमपुर पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कानपुर आउटर के एक सीओ के बेटे पर लगे छेड़छाड़ के आरोप में महिला को बचाने वाले पड़ोसी रेशू यादव ने सोमवार को आईजी रेंज से मिलकर मदद की गुहार लगाई है। सीओ पर पुत्र मोह में पद के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए उनकी संपत्ति की जांच कराने की भी मांग की। वहीं, सोमवार को पीड़ित महिला का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
न्यू आजाद नगर बिधनू निवासी रेशू यादव ने बताया कि महिला से सीओ के बेटे ने छेड़खानी की थी। उसे बचाया था। आरोप है कि सीओ ने उनके खिलाफ फर्जी मुकदमे दर्ज करा दिए। विवेचना में साक्ष्य न मिलने पर नाम हटा दिया गया तो सीओ ने दोबारा जांच खुलवा दी। आईजी रेंज प्रशांत कुमार के अनुसार एडिशनल एसपी को जांच सौंपी जा चुकी है। उनकी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मुझे भी फर्जी फंसा देंगे सीओ
पीड़िता का एक वीडियो भी सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें उन्होंने सन 2021 को हुई घटना के बारे में जानकारी दी। साथ ही सीओ पर आरोप लगाया कि वह उन्हें भी झूठे मुकदमें में फंसाना चाहते हैं।
ये था पूरा मामला
कानपुर के बिधनू निवासी एक भाजपा नेत्री ने कानपुर आउटर में तैनात सीओ घाटमपुर के पुत्र पर उससे छेड़खानी का आरोप लगाया था। महिला का दावा है कि सीओ ने पुत्र मोह में अपने पद का दुरुपयोग करते हुए घटना के वक्त विरोध करने वाले युवक पर फर्जी रिपोर्ट दर्ज करा दी।
एसपी आउटर ने शिकायत मिलने पर जांच एडिशनल एसपी को सौंप दी है। बिधनू, सतबरी रोड निवासी महिला ने अधिकारी को बताया कि पिछले साल फरवरी माह में सीओ घाटमपुर के बेटे ने कार से उनकी स्कूटी का पीछा किया। शोर मचाने पर आसपास मौजूद उनके पड़ोसी रेशू यादव समेत कुछ लोगों ने उसकी जमकर पिटाई की थी। शिकायत आजाद नगर पुलिस चौकी में की, लेकिन वहां समझौता करा दिया गया।
घटना के वक्त सीओ लखनऊ में तैनात थे। आरोप है कि कुछ समय पहले घाटमपुर सीओ बनने के बाद रेशू व उसके परिजनों के खिलाफ बिधनू थाने में फर्जी तरीके से दो रिपोर्ट (अपराध संख्या 111/22,114/22) दर्ज करा दीं। दोनों ही मामलों की विवेचनाओं में रेशू और उसके परिजन बेकसूर साबित हुए। इसके बाद सीओ ने फिर से जांच शुरू करा दी। इससे तंग आकर उन्होंने इसकी शिकायत मुख्यमंत्री, पुलिस महानिरीक्षक, एसपी आउटर से की है।
मेरे पास पीड़ित व्यक्ति आया था मैने शिकायत सुनी है। पता करने पर मालूम हुआ कि एसपी ने पहले ही इस मामले की जांच एडीशनल एसपी को सौंप दी है। उनकी जांच रिपोर्ट में क्या आता है, उसके अनुसार आगे का निर्णय लिया जाएगा।
-प्रशांत कुमार, आईजी रेंज कानपुर
सीओ घाटमपुर टीबी सिंह और उनके बेटे की शिकायत मिली है। इस मामले में मैने एडीशनल एसपी को जांच सौंप दी है। संपत्ति से जुड़ा यदि कोई मामला है तो उसके लिए रिपोर्ट बनाकर शासन को भेज दूंगा। -तेज स्वरूप सिंह, एसपी कानपुर आउटर