चित्रकूट: झूरी नदी में गिरी श्रद्धालुओं की बोलेरो, दो की मौत और चार घायल, जानकीकुंड अस्पताल में उपचार जारी
Chitrakoot News: नयागांव क्षेत्र में रविवार भोर करीब तीन बजे मैहर में मां शारदा के दर्शन करने जा रहे श्रद्धालुओं से भरी एक बोलेरो अनियंत्रित होकर अनसूया के पास झूरी नदी में जा गिरी। इस भीषण दुर्घटना में दो तीर्थयात्रियों की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
विस्तार
चित्रकूट जिले में मध्य प्रदेश के नयागांव क्षेत्र में रविवार भोर बड़ा सड़क हादसा हो गया। तीर्थ यात्रियों से भरी बोलेरो अनियंत्रित होकर झूरी नदी में जा गिरी। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों को जानकीकुंड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बोलेरो में सवार सभी छह लोग कानपुर और हमीरपुर जिले के रहने वाले थे और मैहर में मां शारदा के दर्शन के लिए जा रहे थे।
कानपुर के नौबस्ता निवासी सुनील गुप्ता (50), गोपाल तिवारी (42), दीपक तिवारी (35), यशोदा नगर निवासी हिमांशु सिंह सेंगर (30), हमीरपुर के टेढ़ा निवासी राजकुमार गुप्ता (37) और गंगापुर कॉलोनी निवासी राहुल पांडे (35) बोलेरो से मैहर जा रहे थे। भोर करीब तीन बजे अनुसूइया के पास चालक का नियंत्रण बिगड़ने से बोलेरो झूरी नदी में गिर गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
चार घायलों का चल रहा है इलाज
वहां से गुजर रहे पैदल तीर्थ यात्रियों ने तत्परता दिखाते हुए नदी में उतरकर वाहन सवारों को बाहर निकाला। सूचना पर डायल 112 और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को जानकीकुंड अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने सुनील गुप्ता और हिमांशु सिंह सेंगर को मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी नीलेश तिवारी ने बताया कि हादसे में दो लोगों की मौत हुई है और चार घायलों का इलाज चल रहा है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।