मुख्यमंत्री योगी बोले: मेट्रो का काम दो साल से भी कम समय में हुआ पूरा, इसके संचालन में पांचवां शहर बना कानपुर
सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ आज कानपुर दौरे पर हैं। सीएम के आगमन को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। दिसंबर अंत तक यात्रियों को सवारी कराने की शुरुआत से पहले बुधवार से कानपुर मेट्रो ट्रायल रन के लिए दौड़ेगी। पल-पल की अपडेट के लिए जुड़े रहें...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कानपुर में जीका वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए स्थानीय प्रशासन द्वारा किए जा रहे उपायों को संतोषजनक बताते हुए कहा है कि माकूल निगरानी और स्वच्छता अभियान के बलबूते स्थिति अब नियंत्रण में है। सीएम योगी ने बुधवार को कानपुर में जीका वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए जारी प्रयासों की समीक्षा के बाद पत्रकारों से वार्ता की। उन्होंने बताया कि कानपुर में पिछले एक महीने में जीका वायरस के 105 केस मिले हैं। जिनमें से 17 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।
सीएम ने कहा कि शहर के पांच वार्ड इस वायरस के संक्रमण से विशेष रूप से प्रभावित थे, लेकिन स्थानीय प्रशासन एवं नगर निगम के सामूहिक प्रयासों की मदद से निगरानी एवं स्वच्छता अभियान को तेज कर स्थिति को नियंत्रण में कर लिया गया।
उन्होंने बताया कि वायरस के संक्रमण को पूरी तरह से रोकने के लिए निगरानी कर्मियों की अतिरिक्त टीमें लगाई हैं। साथ ही शासन स्तर पर विशेषज्ञों की भी सेवाएं ली जा रही हैं। योगी ने कहा कि जिन मरीजों का घर पर ही इलाज (होम आइसोलेशन) हो रहा है, उनकी भी लगातार निगरानी की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी जीका वायरस के 88 मरीजों का इलाज चल रहा है, उम्मीद है कि ये मरीज भी जल्द ही स्वस्थ हो जाएंगे। मैंने समीक्षा में पाया कि सभी स्तरों पर किए जा रहे उपायों को बेहतर तरीके से अंजाम दिया जा रहा है। इस स्थिति में घबराने की जरूरत नहीं है।
लोगों से मिले योगी, बच्चे को दुलाराचकेरी श्यामनगर में योगी आदित्यनाथ 7 जीका संक्रमित परिजनों के अलावा एक जीका संक्रमित पीड़ित से मिले। उन्होंने घर और अपार्टमेंट में जाकर परिवार का हालचाल जाना। इसके साथ स्वास्थ्य विभाग से मिली सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने लोगों से सुरक्षा के साथ रहने की बात कही। वहीं उनके आगमन के पूर्व चकेरी के पीएसी रोड, श्यामनगर में जगह-जगह बैरिकेडिंग के साथ पुलिस बल तैनात रहा। कई जगह बीजेपी कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए रस्सी लगवानी पड़ी।
इस दौरान पुलिस से नोकझोंक भी हुई। श्यामनगर में सबसे पहले मुख्यमंत्री ई ब्लॉक पार्क के पास जीका संक्रमित रहे लक्ष्मी कांत मिश्रा के घर पहुंचे। यहां से वे पैदल मानस अपार्टमेंट पहुंचे। इस बीच रास्ते में साढ़े तीन साल के बच्चे युवराज से मिले।
उसने मुख्यमंत्री को देखकर जय श्रीराम बोला। यह सुनकर योगी ने बुलाया उससे नाम पूछा। दुलारकर पूछा स्कूल जाते हो। मुख्यमंत्री अपार्टमेंट के अलावा कृष्णा नगर इलाके के 7 संक्रमित लोगों के परिजनों से मिले। उनके जाने के बाद सभी ने राहत की सांस ली।
कन्ट्रोल रूम पहुंचे सीएम
मुख्यमंत्री कन्ट्रोल रूम में लगभग पांच मिनट रहे। इस दौरान सीएम ने आईसीसीसी की सुपरवाइजर नेहा पांडे से पूछा कि आप क्या करती हो, जिसपर नेहा का जवाब था कि सर मॉनिटरिंग का काम देखते हैं। नेहा ने कहा कि उन्हें यकीन नहीं हुआ कि सीएम उनसे बात कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री की समीक्षा बैठक, दिए निर्देश
केडीए सभागार में मुख्यमंत्री ने जीका संक्रमण रोकथाम के लिए बैठक की और जरूरी निर्देश दिए। सीएम ने कहा कि एनजीओ स्वयंसेवी संस्था के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाया जाएगा और लोगों को जागरूक किया जाएगा। उन्होंने पूरे शहर और ग्रामीण क्षेत्र में फॉगिंग और सैनिटाइजेशन के निर्देश दिए। जीका प्रभावित क्षेत्र में सैंपलिंग तेज करने के निर्देश दिए। सीएमओ से सर्विलांस बढ़ाने को बोला है।
घाटमपुर भाजपा विधायक उपेंद्र पासवान ने क्षेत्र में फॉगिंग नहीं होने की शिकायत की। भाजपा बिठूर विधायक अभिजीत सिंह सांगा ने शिकायत करते हुए कहा कि फॉगिंग के नाम पर खानापूर्ति की गई है। सीएम ने तीन माह से अधिक गर्भवती महिलाओं का हर महीने प्रॉपर टेस्टिंग और अल्ट्रासाउंड कराने के निर्देश दिए हैं। कहा कि जीका के खात्मे के बाद भी गर्भवती महिलाओं की जांच होती रहेगी।
मेट्रो संचालन में पांचवां शहर बना कानपुर
मुख्यमंत्री ने कहा कि करोना के विपरीत समय के बावजूद उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने कानपुर मेट्रो का काम 2 साल से भी कम समय में पूरा किया है। गाजियाबाद, लखनऊ, नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बाद यूपी में कानपुर पांचवां शहर है, जहां मेट्रो का संचालन शुरू होने वाला है।
सीएम ने विपक्षियों पर बोला हमला
मुख्यमंत्री ने सपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि पिछली सरकारों के भ्रष्ट और लापरवाह रवैया की वजह से कानपुर मेट्रो देरी से शुरू हो पाई। अगले चार से छह हफ्तों में कानपुरवासी अपनी मेट्रो में सफर कर सकेंगे। कानपुर वासियों को अभी से अग्रिम बधाई। मेट्रो के संचालन से कानपुर को न सिर्फ जाम से मुक्ति मिलेगी बल्कि प्रदूषण भी कम होगा।
बटन दबाकर मेट्रो ट्रेन को ट्रायल के लिए किया रवाना
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को कानपुर पहुंचे। सीएम ने गुरुदेव चौराहे पर बने मेट्रो डिपो का निरीक्षण करने के बाद बटन दबाकर मेट्रो ट्रेन को ट्रायल के लिए रवाना किया। डिपो परिसर में ही मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि चार से छह सप्ताह में मेट्रो ट्रेन के ट्रायल की कार्यवाही पूरी करते हुए पीएम के माध्यम से यहां के नागरिकों को मेट्रो की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
इसमें शहर के प्रमुख उद्योगपति, शिक्षण संस्थानों के निदेशक, संचालक, पुलिस और प्रशासन के अफसर, जनप्रतिनिधि और मीडिया के लोग शामिल हुए। यहां सिर्फ 500 लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई थी।