फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Kanpur News ›   Chief Minister s mass marriage fell prey to chaos in Kanpur

UP: कानपुर में अव्यवस्था की भेंट चढ़ा मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह, बाहर बैठे बराती... भोजन की थाली भी कम पड़ीं

Mon, 27 Jan 2025 11:25 PM IST
आकाश दुबे संवाद न्यूज एजेंसी, कानपुर देहात
संवाद न्यूज एजेंसी, कानपुर देहात Published by: आकाश दुबे Updated Mon, 27 Jan 2025 11:25 PM IST
सार

ईको पार्क में आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह अव्यवस्था की भेंट चढ़ गया। अकबरपुर, रनियां, सरवनखेड़ा ब्लॉक के 109 जोड़ों की शादी हुई।

विज्ञापन
Chief Minister s mass marriage fell prey to chaos in Kanpur
सामूहिक विवाह समारोह अव्यवस्था की भेंट चढ़ा - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

कानपुर देहात के ईको पार्क में आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह अव्यवस्था की भेंट चढ़ गया। बरातियों को अंदर बैठने की जगह नहीं मिली। किसी तरह शादी की रस्में पूरी हुईं। इसके बाद जब भोजन की बारी आई तो किसी को दो पूड़ी व सब्जी मिली तो कुछ बरातियों को थाली साझा करनी पड़ी। व्यवस्था से नाराज लोगों ने शिकायत की तो राज्यमंत्री व सांसद ने जांच कराने की बात कही है।

विज्ञापन

अकबरपुर, रनियां निकाय के अलावा अकबरपुर, सरवनखेड़ा ब्लॉक के 109 जोड़ों की शादी मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह के तहत सोमवार को ईको पार्क में कराई गई। शादी समारोह में वर-वधू पक्ष की ओर से काफी संख्या में लोग भी जा पहुंचे। बैंड-बाजे में थिरकते हुए लोग जब ईको पार्क के सामुदायिक भवन में पहुंचे तो जगह कम पड़ गई। इस पर ज्यादातर बरात में आए लोग बाहर बैठे रहे। वहीं अंदर घर की कुछ महिलाएं, वर-वधू को बैठने के लिए मंडप पर स्थान दिया गया। अंदर ही वर-वधू को उपहार दिए गए। इसके साथ ही शादी की रस्में कराई गईं। मंच से आचार्य बैठकर शादी की रस्में कराते रहे। जबकि वर-वधू के पास कोई नहीं दिखा। अग्निकुंड में कहीं वर ने तो कहीं उनके साथ आए लोगों ने आग जलाई। इसके बाद भोजन शुरू हुआ तो अफरा-तफरी मच गई।

विज्ञापन

किसी को दो पूड़ी व सब्जी तो किसी को थाली साझा करनी पड़ी
अचलीपुरवा सरवनखेड़ा से आए राम सिंह ने बताया कि उन्हें सिर्फ दो पूड़ी व सब्जी मिली, जब वह पहुंचे तो खाना कम पड़ गया था। वहीं अकबरपुर से बहन की शादी में शामिल होने आए सूरज ने बताया कि पांच लोगों में दो थाली मिली हैं, उसी में पांचों ने खाना खाया। समारोह खत्म हुआ तो वर-वधू के साथ आए लोग व्यवस्था को कोसते हुए नजर आए। वहीं, कुछ लोगों ने बताया कि उपहार की गुणवत्ता भी ठीक नहीं है। वहीं कुछ ने एक किलो व उससे कम सोहन पापड़ी देने की बात कही। हालांकि कार्यक्रम में उपस्थिति राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला, एडीएम प्रशासन अमित कुमार, समाज कल्याण अधिकारी गीता सिंह, चेयरमैन प्रतिनिधि जितेंद्र सिंह गुड्डन ने वर-वधू को आशीर्वाद देकर विदा किया। इस संबंध में जिला समाज कल्याण अधिकारी से कई बार फोन पर बात करने की कोशिश की गई। मगर उनका फोन नहीं उठा।

राज्यमंत्री ने कही ये बात
सामूहिक विवाह समारोह मुख्यमंत्री की कल्याणकारी योजना है। इसमें लापरवाही की गई है। समारोह में पहुंचे लोगों को खाना नहीं मिला। कार्यक्रम स्थल पर मंडप की व्यवस्था नहीं थी। चार-चार जोड़े एक साथ बैठाए गए। सामान भी अच्छा नहीं था। एक बैग की चेन मैंने खोली तो वह टूट कर हाथ में आ गई। जिम्मेदार अधिकारी भी नहीं पहुंचे। पहली बार इस तरह की अव्यवस्था में कार्यक्रम हुआ है। रीति-रिवाज का ध्यान नहीं रखा गया। कम उम्र के ऐसे पंडित शादी करा रहे थे, जिन्हें ठीक से मंत्र भी नहीं आते थे। परिसर में अव्यवस्था थी। पूरे मामले की शिकायत मुख्यमंत्री व समाज कल्याण मंत्री से की गई है। - प्रतिभा शुक्ला, राज्यमंत्री

विज्ञापन

यह बोले सांसद
कार्यक्रम में अव्यवस्था की शिकायत मिली है। मैंने जिलाधिकारी से भी बात की। मामले की जांच करा कर कार्रवाई करने के लिए कहा गया है। -देवेंद्र सिंह भोले, सांसद अकबरपुर

कुछ जोड़े बोले... बाद में करेंगे धूमधाम से शादी
सिकंदरा के एक गेस्ट हाउस में सोमवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में राजपुर नगर पंचायत से दो, सिकंदरा से 4 व राजपुर ब्लॉक से 51 व संदलपुर ब्लॉक 60 जोडे़ शामिल हुए। यहां पर 117 जोड़ों की शादी कराई गई। जिसमें दो मुस्लिम जोड़े भी रहे। झींझक ब्लॉक के लक्ष्मणपुर पिलख निवासी गौरीशंकर ने बताया कि विवाह कार्यक्रम में भाग लिया है लेकिन उन्होंने पत्नी की मांग नहीं भरी है और न ही सात फेरे लिए है एक महीने के बाद वह बारात लेकर जाएगें। औरंगाबाद के सुरजीत ने बताया कि उन्होंने सात फेरे नहीं लिए है बारात लेकर जाएंगे। राजपुर के निवादा निवासी श्रीनिवास ने भी बाद में बारात लेकर जाने की बात कही। इधर सुबह 8 बजे कार्यक्रम स्थल में पहुंचे वर व वधू पक्ष के लोगों को दोपहर 2 बजे भोजन के लंच पैकेट दिए गए। लंच पैकेट में पर्याप्त भोजन नहीं होने से लोगों में नाराजगी दिखाई दी। सिकंदरा के प्रभारी अधिशाषी अधिकारी आशीष कमल, राजपुर ईओ नीति त्रिपाठी, राजपुर बीडीओ हरगोविंद गुप्ता मौजूद रहे।

राजपुर ब्लॉक में आवेदन निरस्त होने पर मायूस होकर लौटी मां
राजपुर ब्लॉक के अफसरिया निवासी अफसाना ने बताया कि उसने अपनी बेटी मुस्कान की सामूहिक विवाह से शादी के लिए आवेदन किया था। रविवार को उसने शादी की पूरी तैयारी कर ली थी। उसके कुछ रिश्तेदार भी घर पहुंच गए थे। रविवार देर शाम ब्लॉक के कर्मचारियों ने बताया कि उसका आवेदन निरस्त कर दिया गया है। जिसपर अफसाना ने कार्यक्रम स्थल पर आकर जमकर हंगामा किया। एडीआे समाज कल्याण आलोक चौबे ने बताया कि कार्यालय स्तर से पात्रता सूची में मुस्कान का नाम भेजा गया था। आवेदन निरस्त होने की जांच की जाएगी।

पुखरायां में 118 जोड़े दांपत्य जीवन में बंधे
आरएसजीयू इंटर कॉलेज मैदान में पुखरायां नगर पालिका, नगर पंचायत अमरौधा, मूसानगर के साथ अमरौधा व मलासा ब्लॉक के 118 जोड़ों का विवाह कराया गया। नगर पालिका अध्यक्ष पूनम दिवाकर सहित अधिकारियों ने सभी दंपतियों को शुभाशीष दिया। पुखरायां नगरपालिका ईओ अजय कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह के तहत नगरपालिका परिषद के कुल 13 आवेदन स्वीकृत हुए। जिसमें से 12 जोड़ उपस्थित हुए। नगर पंचायत अमरौधा में पंजीकृत कुल 05 में से 04 जोड़े, मूसानगर के पंजीकृत 03 में 03 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया। विकास खंड मलासा में पंजीकृत कुल 69 जोड़े में से 63 जोड़े और विकास खंड अमरौधा के पंजीकृत 39 जोते में से 36 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया। जिसमें एक जोड़ा मुस्लिम रीति रिवाज से विवाह संपन्न हुआ। इस दौरान अशोक सचान, करूणाशंकर दिवाकर, एसडीएम डॉ. जीतेंद्र सिंह, तहसीलदार डॉ. प्रिया सिंह, नगर पंचायत मूसानगर ईओ संजय पटेल, ब्लॉक अमरौधा एडीओ बलवीर प्रजापति व ब्लॉक मलासा बीडीओ संजू सिंह सहित निकाय व ब्लॉक स्टाफ मौजूद रहा।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed