सुपरवाइजर से लूट का मामला: आईपीएल में हारे सट्टा, तो रची लूट की साजिश, पुलिस ने छह आरोपियों को भेजा जेल
बिधनू में रिंद नदी के पास हुई 15.74 लाख की लूट में छह आरोपियों को जेल भेजा गया है। इस पूरे खेल का मास्टर माइंड कैब चालक ही निकला, जिसने वारदात के बाद कार की नंबर प्लेट बदल दी थी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कानपुर में निजी कंपनी के सुपरवाइजर से 15.74 लाख रुपये की लूट की वारदात का पुलिस ने सोमवार को खुलासा कर दिया। मास्टर माइंड कैब चालक सतनाम समेत छह बदमाशों को जेल भेजा गया है। लूटी गई रकम भी बरामद कर ली है।
जांच में सामने आया कि आरोपी आईपीएल में लाखों रुपये का सट्टा हार गए थे। कर्जा भी हो गया था। इसलिए सतनाम के साथ मिलकर लूट की साजिश रची। बलिया निवासी राहुल कुमार एक निजी कंपनी में सुपरवाइजर हैं। शुक्रवार रात कंपनी के काम से सतनाम की कैब से लखनऊ से महोबा जा रहे थे।
बिधनू थाना क्षेत्र में रिंद नदी के पास स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने राहुल से नकदी भरा बैग लूट लिया था। बिधनू एसओ अमित कुमार मिश्रा ने बताया कि महोबा कबरई निवासी सतनाम ही मास्टर माइंड है। वह पहले भी राहुल को लेकर कई जगह जा चुका था। उसे पता था कि राहुल के पास बड़ी नकदी रहती है।
व्हाट्सएप पर भेजी थी लोकेशन व गाड़ी नंबर
पुलिस को आरोपियों ने बताया कि आईपीएल में सट्टा हारने के बाद सभी परेशान थे। सतनाम से चर्चा की तो उसने राहुल के बारे में बताया। शुक्रवार को जब वह लखनऊ से चला तो उसने सोम प्रकाश नाम के आरोपी को कार नंबर व लोकेशन व्हाट्सएप पर भेज दी थी। इसके बाद आरोपियों ने गाड़ी को ट्रेस कर वारदात को अंजाम दिया। दिखावे के लिए सतनाम को थप्पड़ भी मारे थे। सर्विलांस की मदद से वारदात का राजफाश हुआ। लूट के बाद आरोपियों ने स्कॉर्पियो की नंबर प्लेट भी बदल दी थी।
इनकी हुई गिरफ्तारी
इस मामले में पुलिस ने सतनाम (महोबा) सहित हमीरपुर के सोमप्रकाश, विनय यादव, फारुख हसन, जावेद खान और बृजेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।