Kanpur: नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म का मामला, लापता युवती तीन दिन बाद लौटी घर, मां को सुनाई आपबीती
बर्रा थाना क्षेत्र में तीन दिन से लापता युवती ने घर लौटकर मां को आपबीती सुनाई। इसके बाद पीड़िता की मां ने बर्रा पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने मामला दर्ज कर पीड़िता के बयान दर्ज कराए हैं।
विस्तार
कानपुर में बर्रा निवासी किशोरी बीते शनिवार को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। पीड़िता की मां ने बर्रा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। मंगलवार शाम युवती अपने घर लौटी। पीड़िता ने अपनी मां को बताया कि पड़ोस में रहने वाला युवक व उसके दोस्तों ने एकांत जगह पर ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया है।
यह सुन मां के होश उड़ गए। पीड़िता की मां ने पुलिस को बताया कि उसकी बेटी 11वीं की छात्रा है। शनिवार को बेटी अपनी सहेली के घर गई थी। देर रात तक वापस ना आने पर उसकी खोजबीन की, तो कुछ पता नहीं चला। मंगलवार को बेटी जब घर लौटी, तो सभी ने राहत की सांस ली।
पीड़िता ने अपनी मां को बताया कि जब वह अपनी सहेली के घर से वापस लौट रही थी। तभी पड़ोस में रहने वाला युवक उसे अपने साथ कहीं ले गया और एक मकान में रखा, जहां पर उसके तीन अन्य दोस्त भी आ गए। सभी ने मिलकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
पुलिस ने दर्ज कराए लड़की के बयान
किसी तरह उनके चंगुल से बचकर युवती भागी और घर पहुंची। इंस्पेक्टर मानवेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़िता की मां की तहरीर पर गुमशुदगी दर्ज की गई थी। लड़की के 164 के बयान कराए जा रहे हैं। उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।