Expressway Accident: एक्सप्रेसवे पर अनियंत्रित होकर पलटी कार, फरीदाबाद के चालक गंभीर रूप से घायल, सैफई रेफर
Auraiya News: एरवाकटरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। यहां लखनऊ से फरीदाबाद जा रही एक तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर एक्सप्रेसवे पर पलट गई।
विस्तार
लखनऊ से फरीदाबाद जा रही एक तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर एक्सप्रेसवे पर पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में कार चला रहा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस और यूपीडा की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायल चालक को तुरंत एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भिजवाया। इसके बाद एक्सप्रेसवे पर लगे लंबे जाम को खुलवाने के लिए क्षतिग्रस्त कार को क्रेन की मदद से किनारे कराया गया।
नगला दौलत गांव के पास किलोमीटर 138 पर हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह सड़क दुर्घटना सोमवार की सुबह करीब 5 बजे के आसपास की है। हरियाणा के फरीदाबाद अंतर्गत सेक्टर-22 क्षेत्र की जवाहर कॉलोनी निवासी संजय प्रसाद अपनी कार से लखनऊ से फरीदाबाद की ओर जा रहे थे।
जैसे ही उनकी कार एरवाकटरा थाना क्षेत्र में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 138 पर स्थित नगला दौलत गांव के सामने पहुंची, तभी अचानक तेज रफ्तार होने के कारण कार अनियंत्रित हो गई। चालक जब तक गाड़ी पर काबू पाता, तब तक कार लहराते हुए एक्सप्रेसवे पर ही पलट गई। कार पलटने से उसके परखच्चे उड़ गए और चालक संजय प्रसाद कार के भीतर ही फंसकर गंभीर रूप से लहुलूहान हो गए।
यूपीडा और पुलिस टीम ने घायल को सैफई भेजा
सुबह के वक्त एक्सप्रेसवे से गुजर रहे अन्य राहगीरों ने कार को पलटते देख तुरंत इसकी सूचना एक्सप्रेसवे की सुरक्षा टीम और स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही एरवाकटरा थानाध्यक्ष गंगा दास गौतम अपनी टीम के साथ और यूपीडा के सुरक्षाकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने राहगीरों की मदद से कार में फंसे गंभीर रूप से घायल चालक संजय प्रसाद को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। चालक की गंभीर हालत को देखते हुए पुलिस ने उन्हें तुरंत यूपीडा की एंबुलेंस से इलाज के लिए मिनी पीजीआई सैफई भिजवाया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है।
क्रेन से कार हटाकर सुचारु कराया गया यातायात
हादसे के बाद एक्सप्रेसवे की एक लेन पर क्षतिग्रस्त कार के पड़े होने के कारण यातायात आंशिक रूप से प्रभावित होने लगा था और गाड़ियों की रफ्तार थम गई थी। इसे देखते हुए पुलिस और यूपीडा की टीम ने तत्काल मौके पर क्रेन बुलाई। क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त कार को एक्सप्रेसवे के बीच से हटवाकर यूपीडा के सुरक्षित यार्ड में खड़ा करा दिया गया, जिसके बाद एक्सप्रेसवे पर वाहनों का आवागमन पूरी तरह से सुचारु हो सका।
थानाध्यक्ष गंगा दास गौतम ने बताया कि प्रथम दृष्टया वाहन के अचानक अनियंत्रित होने के कारण यह हादसा हुआ है। फिलहाल घायल का सैफई में इलाज चल रहा है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। परिजनों की तरफ से तहरीर मिलने पर आगे की वैधानिक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।