बुढ़वा मंगल: कुंडनी हनुमान मंदिर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, 14 CCTV कैमरे करेंगे श्रद्धालुओं की निगरानी
Kanpur News: बुढ़वामंगल के दिन भक्तों की उमड़ती भीड़ को ध्यान में रखते हुए गर्भगृह में बजरंगबली के सामने पहुंचकर भक्त केवल प्रसाद चढ़ा सकेंगे।
विस्तार
भाद्रपद माह के अंतिम मंगलवार को मनाये जाने वाले बुढ़वा मंगल पर भीतरगांव ब्लॉक कस्बा के कुंडनी स्थित सुप्रसिद्ध हनुमान मंदिर में साढ़ पुलिस ने मंदिर के पुजारियों व रामदरबार के महंत से मिलकर सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दिया। मंदिर गर्भगृह से लेकर कुंडनी तिराहे तक 14 जगहों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने को चिन्हित किया।
इनमें दो कैमरे गर्भगृह में, चार परिसर में, चार मार्गों में लगी कतारों व दो कुंडनी तिराहे के मंदिर गेट पर लगेंगे। श्रृद्धालुओं की लाइनों में सादी वर्दी में कांस्टेबलों की निगरानी रहेगी। साढ़ प्रभारी निरीक्षक कुशल पाल सिंह ने बताया बुढ़वा मंगल के दिन कुंडनी दरबार में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं में महिला पुरुष श्रद्धालुओं की अलग-अलग लाइनों से दर्शन होंगे।
भीड़ के बीच जेब कतरों, पॉकेट मार और अराजकतत्वों को पहचानने के लिए परिसर में लगाई गई टीवी डिसप्ले पर पुलिस की एक टीम नजर रखेगी। परिसर में ही कंट्रोल रूम बनेगा। मंदिर की ओर आने वाले प्रमुख मार्गों की 10 जगहों में बैरिकेडिंग कर वाहनों को रोका जाएगा।
गर्भगृह में नहीं जलेगी कपूर-अगरबत्ती
बुढ़वा मंगल के दिन भक्तों की उमड़ती भीड़ को ध्यान में रखते हुए गर्भगृह में बजरंगबली के सामने पहुंचकर भक्त केवल प्रसाद चढ़ा सकेंगे। मंदिर के संरक्षक प्रहलाद सैनी,चंद्रपाल सैनी, सुभाष सैनी, शिवमोहन, हरिओम ने बताया गर्भगृह के अंदर और भवन में अगरबत्ती, धूप व कपूर आदि नहीं जलेंगे। रामदरबार के महंत हनुमान मुनि ने बताया कि मुख्य मंदिर परिसर में कथा वाचन, हवन और प्रसाद वितरण नहीं होगा।