बांदा: देवी दर्शन कर लौटे रहे भाई-बहन की संदिग्ध मौत, परिजनों ने जताई सर्पदंश की आशंका, शव पोस्टमार्टम को भेजे
Banda News: मरका थाना क्षेत्र स्थित पिंडारन गांव में देवी दर्शन करके घर लौटे सगे भाई-बहन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने रास्ते में सर्पदंश की आशंका जताई है। सूचना पर पहुंची मरका पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है।
विस्तार
बांदा जिले में मरका थाना क्षेत्र के पिंडारन गांव में देवी दर्शन कर घर लौटे सगे भाई-बहन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने सर्पदंश की आशंका जताई है। सूचना पर पहुंची मरका पुलिस ने दोनों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिए हैं।
पिंडारन गांव निवासी जयकरन के पुत्र मोहित (13) उर्फ चुन्नू और पुत्री अनुपा (15) मंगलवार रात करीब 10 बजे घर से लगभग 200 मीटर दूर देवी दर्शन करने गए थे। दर्शन के करीब दो घंटे बाद दोनों घर लौट आए। इसके बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। परिजन सुबह करीब चार बजे दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
देवी दर्शन के बाद दोनों की तबीयत खराब हुई
मृतकों के चाचा शिवबरन के अनुसार, देवी दर्शन के बाद दोनों की तबीयत खराब हुई। उन्होंने आशंका जताई कि रास्ते में किसी सर्प ने दोनों को काट लिया होगा। हालांकि, मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। घटना की सूचना मिलने पर मरका पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजन रो-रोकर बेहाल
थाना प्रभारी सूबेदार बिंद ने बताया कि सर्पदंश की आशंका जताई गई है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं और अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। मोहित गांव के विद्यालय में कक्षा छह का छात्र था, जबकि अनुपा स्व. भोला प्रसाद इंटर कॉलेज में कक्षा नौ में पढ़ती थी। दोनों छह भाई-बहनों में तीसरे नंबर पर थे। पिता जयकरन अहमदाबाद में मजदूरी करते हैं। दो बच्चों की एक साथ मौत से मां राजरानी सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।