Banda Accident: सवारियों से भरी प्राइवेट बस पेड़ से टकराई, 14 घायल…पांच जिला अस्पताल रेफर, इलाज जारी
Banda News: बबेरू कस्बे में सवारियों से भरी प्राइवेट बस पेड़ से टकरा गई। हादसे में 14 लोग घायल हो गए, जिनमें पांच को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
विस्तार
बांदा जिले में बबेरू से सवारियां लेकर बांदा आ रही एक प्राइवेट बस बाइक सवार को बचाने के प्रयास में पेड़ से टकरा गई। हादसे के बाद चीख-पुकार सुनकर लोग पहुंचे और घायलों को बाहर निकाला। करीब 14 लोग घायल हुए। सभी को सीएचसी लाया गया, जहां से पांच की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया।
बबेरू से सुबह दस बजे प्राइवेट बस सवारियां लेकर बांदा के लिए निकली। कस्बे से तीन किलोमीटर दूर न्यू लखनऊ पब्लिक स्कूल के समीप बाइक सवार को बचाने के चक्कर में बस अनियंत्रित होकर पेड से जा टकराई। बस में चीख पुकार मच गई। कोतवाली प्रभारी बलराम सिंह व कस्बा इंचार्ज जय सिंह ने लोगों की मदद से एंबुलेस से घायल हुए 14 लोगों को सीएचसी पहुंचाया।
ये लोग हुए हैं घायल
शहर के शांति नगर मोहल्ला निवासी राजेंद्र प्रसाद (45), देहात कोतवाली के जमालपुर गांव निवासी अरुण कुमार (25), पवैया निवासी रीता देवी (21), पति लखनलाल (25), तिलौसा निवासी पप्पू (45), कमासिन निवासी चंद्रकली (50), गुरेह निवासी रामदास (60) व भूरी (45), श्याम सुंदर (20) निवासी परसौली, आंबेडकर निवासी आदित्य (42), तिलौसा निवासी चंद्रपाल कुशवाहा (42), नरैनी निवासी मनोज देवी (28), रफीक अली (43) निवासी सरधुवा, सरोज देवी (44) निवासी आंबेडकर नगर आदि घायलों का सीएचसी में इलाज कियागया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद भूरी, रफीक अली, सरोज देवी, मनोज देवी, आदित्य को गंभीर हालत में जिला अस्तपाल रेफर कर दिया। प्राइवेट बस में लगभग 40 सवारियां थीं। नगर पंचायत अध्यक्ष डॉ. विवेकानंद गुप्ता ने सीएचसी में घायलों का हाल चाल लिया।