औरैया: घर में चारपाई से बंधा मिला वृद्धा का शव, लूट के बाद हत्या की आशंका, घर में अकेली रहती थीं, जांच शुरू
Auraiya News: बिधूना कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार सुबह 62 वर्षीय अकेली महिला का शव घर में चारपाई से साड़ी से बंधा हुआ संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। महिला घर पर अकेली रहती थीं, जबकि उनके पति और दो बेटे फरीदाबाद में निवास करते हैं। पड़ोस की एक बच्ची जब तसला लेने पहुंची, तो उसने घटना की जानकारी दी।
विस्तार
औरैया जिले में बिधूना कोतवाली क्षेत्र के गांव बंथरा में घर में अकेली रह रही 62 वर्षीय बुजुर्ग महिला की हत्या कर दी गई। उनका शव खटिया पर बंधा हुआ मिला, जबकि पास ही खून से सनी तौलिया पड़ी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने लूट बाद बुजुर्ग की हत्या की आशंका जताई है।
गांव बंथरा निवासी अनंग पाल सिंह सेंगर अपने बेटे रिंकू, टिंकू और दोनों बहुओं के साथ फरीदाबाद में रहते हैं। अनंग पाल एक कंपनी में सुरक्षाकर्मी हैं, जबकि रिंकू दुकान चलाते हैं और टिंकू ऑटो चलाता है। घर पर अनंग पाल की पत्नी भूरी देवी अकेली रहती थीं।
आवाज लगाई, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली
शुक्रवार सुबह पड़ोसी रोहित की बेटी छवि तसला लेने के लिए भूरी देवी के घर पहुंची थी। मुख्य दरवाजा बंद होने पर उसने आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। अनहोनी की आशंका पर उसने इसकी जानकारी परिजन और अन्य ग्रामीणों को दी।
साड़ी से बंधा हुआ पड़ा था शव
इसके बाद गांव निवासी ईशू अन्य घरों की छत के रास्ते भूरी देवी की छत पर पहुंचे और जीने के जरिए नीचे उतरे। अंदर का नजारा देख उनके होश उड़ गए। बुजुर्ग महिला का शव खटिया पर बंधा हुआ था और पास ही खून से सनी तौलिया पड़ी थी। इसके अलावा कमरों में सामान बिखरा मिलने से ग्रामीणों ने लूट के बाद हत्या की आशंका जताई है।
पुलिस कर रही है मामले की जांच
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाल विनेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास के लोगों और परिजन से पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की छानबीन कर रही है। वहीं, घटना की जानकारी के बाद परिजन फरीदाबाद से घर के लिए रवाना हो गए।