Auraiya: रेलवे ट्रैक पर दो शवों से हड़कंप, ट्रेन से गिरे यात्री की मौत, कुछ दूरी पर मिला अज्ञात क्षत-विक्षत शव
Auraiya News: दिबियापुर में गोरखधाम एक्सप्रेस से गिरकर एक यात्री की मौत हो गई। वहीं ट्रैक के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव भी मिला। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
विस्तार
औरैया जिले में दिबियापुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत कैंजरी और गपकापुर के बीच डाउन ट्रैक पर गोरखधाम सुपरफास्ट एक्सप्रेस से गिरकर एक यात्री की मौत हो गई। वहीं, कुछ ही दूरी पर एक अन्य अज्ञात व्यक्ति का शव भी रेलवे ट्रैक पर मिला। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। आसपास के लोगों से पूछताछ के बाद शव को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया गया।
पंजाब के भटिंडा निवासी मन बहादुर पांडेय (42) पुत्र वीरेंद्र, गोरखधाम एक्सप्रेस से सफर कर रहे थे। बताया जा रहा है कि वह बोगी की खिड़की पर बैठे थे और नींद का झोंका आने के कारण अचानक नीचे गिर पड़े, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। साथ सफर कर रहे उनके साथी ने बताया कि मृतक भटिंडा में प्लंबिंग का काम करता था। सुबह करीब सात बजे स्टेशन मास्टर और डायल 112 से सूचना मिली।
अज्ञात व्यक्ति का क्षत-विक्षत शव भी मिला
इसके बाद प्रभारी निरीक्षक सत्य प्रकाश सिंह ने एसआई राजेंद्र कुमार को फोर्स के साथ मौके पर भेजा। पुलिस ने मृतक की जेब से मिले आधार कार्ड से उनकी पहचान कर परिजन को सूचना दी। अभी पहली घटना की छानबीन चल रही थी कि पुलिस को उसी ट्रैक पर लगभग 100-150 मीटर की दूरी पर एक 35 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव क्षत-विक्षत अवस्था में मिला।
शव की पहचान के प्रयास जारी
प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत हो रहा है कि रात के समय किसी अन्य ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हुई होगी। शव की स्थिति को देखकर आशंका जताई जा रही है कि हादसा काफी पहले हुआ था। प्रभारी निरीक्षक सत्य प्रकाश सिंह ने मृतक के परिजन को सूचना दी गई है। दूसरे शव की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही शिनाख्त कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।