Auraiya: भाजपा जिलाध्यक्ष की फिसली जुबान, लगा बैठे देश विरोधी नारा, फिर सफाई में समूचे देश से मांगी माफी
Auraiya News: मिशन सिंदूर की सराहना करने को लेकर मुरादगंज में भाजपा की ओर से रैली निकाली गई थी। इसमें भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. सर्वेश कठेरिया जोशीले अंदाज में पहले भारत माता की जय बोलते सुने जा रहे हैं। इसके बाद वह हिंदुस्तान मुर्दाबाद बोल बैठे।
विस्तार
औरैया जिले में भाजपा की ओर से मिशन सिंदूर को लेकर जगह-जगह रैली निकालकर इन दिनों सरकार व देश की फौज की सराहना की जा रही है। इस सराहना के बीच तीन दिन पहले मुरादगंज में निकाली गई रैली का एक वीडियो रविवार को वायरल हो गया। इस वीडियो में नारेबाजी करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. सर्वेश कठेरिया की जुबान इस कदर फिसली कि वह देश विरोधी नारा लगा बैठे।
संवाद न्यूज एजेंसी इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करती है। हालांकि इस मामले में जिलाध्यक्ष ने अपनी गलती स्वीकारते हुए देश से माफी मांगी है। मिशन सिंदूर की सराहना करने को लेकर मुरादगंज में भाजपा की ओर से रैली निकाली गई थी। इस कार्यक्रम में सदर विधायक गुड़िया कठेरिया से लेकर तमाम भाजपाइयों की मौजूदगी थी।
हिंदुस्तान मुर्दाबाद बोल बैठे थे जिलाध्यक्ष
सामने आए वीडियो में भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. सर्वेश कठेरिया जोशीले अंदाज में पहले भारत माता की जय बोलते सुने जा रहे हैं। इसके बाद वह हिंदुस्तान मुर्दाबाद बोल बैठे, जबकि पीछे से कार्यकर्ता हिंदुस्तान जिंदाबाद बोलते हुए सुनाई दे रहे हैं। इस बीच गलती का अहसास होने पर सदर विधायक गुड़िया कठेरिया उन्हें टोकती भी नजर आ रही हैं।
बार-बार हिंदुस्तान जिंदाबाद के नारे भी लगाए
लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। रविवार को यह वीडियो सामने आने के बाद भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. सर्वेश कठेरिया ने माफी मांगी। साथ ही गलती से जुबान फिसल जाने का जिक्र किया। माफी मांगने के बाद उन्होंने बार-बार हिंदुस्तान जिंदाबाद के नारे भी लगाए। यह मामला सोशल मीडिया पर खूब छाया रहा। लोगों ने इसे लेकर खूब प्रतिक्रियाएं दीं।