औरैया: रामलीला मैदान में तैयार हो रहा है 60 फीट का रावण, मुस्लिम कारीगर बना रहे हैं पुतला, जानिए क्या है खास
Auraiya News: तिलक नगर स्थित रामलीला मैदान में लगभग 60 फीट ऊंचा रावण का पुतला तैयार किया जा रहा है। रावण के इस विशाल पुतले को जालौन से आए मुस्लिम कारीगरों द्वारा गढ़ा जा रहा है, जो कौमी एकता और आपसी भाईचारे की मिसाल पेश कर रहे हैं।
विस्तार
औरैया जिले में इस बार दशहरा पर्व को लेकर उत्साह व तैयारियां अपने चरम पर हैं। शहर के तिलक नगर स्थित रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली रामलीला के लिए इस बार लगभग 60 फीट ऊंचा रावण का पुतला तैयार किया जा रहा है। इस आयोजन की सबसे खास और खूबसूरत बात यह है कि बुराई के प्रतीक इस रावण के पुतले को मुस्लिम कारीगरों द्वारा गढ़ा जा रहा है, जो क्षेत्र में हिंदू-मुस्लिम एकता और आपसी भाईचारे की एक अनूठी मिसाल पेश कर रहा है।
कमेटी के सदस्यों व लोगों का सहयोग हमेशा सराहनीय रहा है। खास बात यह है कि ये कारीगर जहां एक ओर दशहरे के सीजन में रावण का पुतला तैयार करते हैं। वहीं, मुहर्रम के दिनों में ताजिए भी बनाते हैं। 60 फीट ऊंचे पुतले को अंतिम रूप देने में तीन से चार कारीगर लगन से जुटे हुए हैं। पुतले के निर्माण में मुख्य रूप से बांस की लकड़ी, कागज और बोरियों का उपयोग किया जा रहा है।
इसे तैयार करने में लगभग 80 से 90 हजार रुपये से लेकर एक लाख रुपये तक की लागत का अनुमान है। कमेटी के कोषाध्यक्ष अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि पुरानी नुमाइश मैदान में रावण दहन का यह आयोजन लंबे समय से होता आ रहा है। इस मौके पर सदस्य गोपालजी दुबे, बबलू दुबे, अमर मिश्रा, पिंटू अग्निहोत्री, राणा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।