मंदिर का टूटा ताला, बिखरी पड़ी मूर्तियां देख लोगों का फूटा गुस्सा, तनाव देख एक्शन में आई पुलिस
यूपी के उन्नाव जिले में मंगलवार को शरारती तत्वों ने मंदिर में तोड़फोड़ कर क्षेत्र का माहौल बिगाड़ने की कोशिश की। क्षेत्रीय लोगों द्वारा मंदिर तोड़े जाने की सूचना पुलिस को दी गई। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। इस घटना से क्षेत्र में तनाव का माहौल व्याप्त है।
यह घटना सफीपुर कोतवाली के परियर चौकी क्षेत्र की है। यहां शरारती तत्वों द्वारा मंदिर में तोड़फोड़ कर प्रतिमाओं को मंदिर से बाहर फेंक दिया गया। इस घटना से ग्रामीणों में आक्रोश है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
परियर सफीपुर तिराहे के समीप शिवमंदिर स्थापित है। सुबह जब आस-पास के दुकानदारों ने आकर देखा तो मंदिर का ताला टूटा था और मूर्तियां मंदिर के बाहर फैली हुई थीं। धीरे-धीरे पूरा मामला पूरे क्षेत्र में फैल गया। ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गयी।
क्षेत्रीय लोगों ने परियर चौकी में मामले की तहरीर देते हुए बताया कि पड़ोस के ही मान सिंह नामक युवक ने नशे में मंदिर का ताला लूट की नीयत से तोड़ डाला। फिर मंदिर की सारी मूर्तियां तोड़ कर बाहर फेंक दीं। घटना की जानकारी के बाद मौके पर पहुंचे परियर चौकी इंचार्ज हसमत अली ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी। चौकी इंचार्ज ने बताया आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जएगी।