Mahoba: हाईवे पर मस्जिद में घुसा कंटेनर पलटा, चालक की मौत, 40 भैंसें मरीं
यूपी के महोबा जिले में सड़क हादसा हुआ। पशुओं से भरा बेकाबू कंटेनर पलट गया। हादसे में एक की मौत हो गई जबकि दो लोग घायल हो गए।
विस्तार
महोबा जिले में झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुगिरा गांव के पास सोमवार सुबह करीब पांच बजे भैंसों से भरा तेज रफ्तार कंटेनर सड़क किनारे बनी मस्जिद से टकराते हुए पलट गया। हादसे में चालक की मौके पर मौत हो गई जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना में कंटेनर में लदी 40 भैंसों की मौत हो गई। सात घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद ट्रक में फंसे चालक व भैंसों को बाहर निकाला जा सका।
इस दौरान हाईवे में जाम लग गया। जिससे बड़े वाहन फंसे रहे। मध्यप्रदेश के दमोह से 60 भैंसे लादकर कंटेनर जनपद हमीरपुर के कस्बा राठ की ओर जा रहा था। हाईवे पर सुगिरा गांव के पास मोड़ पर चालक संतुलन खो बैठा। जिससे कंटेनर सड़क किनारे स्थित मस्जिद की चहारदिवारी व गेट को तोड़ते हुए पलट गया। भिड़ंत इतनी तेज थी कि तेज धमाके की आवाज सुनकर लोग घरों के बाहर निकल आए।
दुर्घटना में मस्जिद के बगल में बना दीपक कुशवाहा का मकान व माधव गुप्ता की दुकान भी क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना मिलते ही एसडीएम अरुण कुमार दीक्षित और सीओ उमेशचंद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। आपदा मित्रों व जेसीबी मशीनें बुलाकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कराया गया। कंटेनर में फंसे चालक को कटर मशीन से खिड़की काटकर बाहर निकाला गया लेकिन उसकी मौत हो गई। जबकि ट्रक में सवार शहजाद (29) व राजेश (30) निवासीगण दमोह गंभीर रूप से घायल हो गए।
जिन्हें जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर किया गया। मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी। दोपहर 12 बजे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सभी भैंसों को बाहर निकाला गया। जिनमें 40 की मौत हो गई जबकि पांच के घायल होने पर उनका उपचार किया गया। दुर्घटना के बाद हाईवे पर सात घंटे तक जाम लगा रहा। छोटे वाहन तो निकलते रहे लेकिन बड़े वाहनों के फंसने से सड़क के दोनों ओर लंबी कतारें लगी रहीं। जिससे वाहन चालकों को भारी दिक्कत का सामना करना पड़ा।