ड्राइवर नियाज ने उगले राज: निखत के सामने नहीं दे रहा था जवाब, बोला- अधिकारियों व सहयोगियों को दिए महंगे गिफ्ट
पुलिस रिमांड में अब्बास और निखत के ड्राइवर नियाज ने कई खुलासे किए हैं। सूत्रों के अनुसार, निखत के सामने होने पर वो सही जवाब नहीं दे रहा था। उसने बताया कि अब्बास अंसारी के कहने पर माफिया मुख्तार अंसारी को बांदा जेल में सुविधाएं दिलाने का भी प्रयास किया था।
विस्तार
चित्रकूट जिला जेल में विधायक अब्बास अंसारी व उसकी पत्नी निखत बानो को मिलाने में सबसे अहम कड़ी उसके चालक नियाज ने कबूल किया कि उसने प्रयागराज व कानपुर से जेवर व नगदी लाकर जेल अधिकारियों व सहयोगियों को दिए हैं।
यह भी बताया कि निखत को लेकर वह कई बार बांदा भी गया जहां उनके जेल में बंद ससुर डॉन मुख्तार अंसारी को जेल में सुविधाएं दिलाने के लिए मध्यस्थों से बातचीत कराई। बताया कि इस काम में उसे बांदा में सफलता नहीं मिली लेकिन चित्रकूट में कामयाब रहा।
दस फरवरी को जिला जेल में नियमों के विपरीत विधायक अब्बास अंसारी से मिलने के दौरान डीएम एसपी ने निखत बानो व उसके चालक नियाज को पकड़ा था। 20 फरवरी को निखत की रिमांड पूरी होने के बाद उसे जेल भेजा गया है। अब दो दिन से पुलिस की एसटीएफ, एसआईटी व विशेष जांच टीम का सारा ध्यान नियाज से पूछताछ पर है।
निखत के सामने नहीं दे रहा था जवाब
बताया गया है कि मंगलवार को नियाज ने कई राज खोल दिए। ऐसे में माना जा रहा था कि निखत की मौजूदगी के चलते वह ज्यादातर सवालों के घुमाफिराकर जवाब दे रहा था, लेकिन मंगलवार को उसने बेहद आसानी से सारे जवाब दिए।
अधिकारियों और सहयोगियों को देता था जेवन-नकदी
सूत्रों के अनुसार नियाज ने माना कि वह ही कई बार मऊ व लखनऊ से जेवर व नगदी लाकर यहां की जरूरतें पूरी करता था। प्रयागराज से सोने के कुछ जेवर भी खरीद कर जेल अधिकारियों को दिए हैं। बताया जा रहा है कि नियाज ने माना है कि उस पर निखत को सुरक्षित लाने ले जाने की जिम्मेदारी थी।
जेल में रहकर देता था सूचना
जेल में जब वह मिलने जाती थी, तो वह आसपास ही मौजूद रहकर आने जाने वालों की सूचना देता था। दस फरवरी को भी उसने ही निखत को फोन कर बाहर आने के लिए कहा था। अब्बास अंसारी के कहने पर जेल में बंद पिता माफिया मुख्तार अंसारी को भी सुविधाएं दिलाने के लिए बांदा जाकर कुछ लोगों से संपर्क किया।
आज नियाज की रिमांड पूरी, जाएगा जेल
जेल में बंद विधायक अब्बास अंसारी की पत्नी निखत बानो की रिमांड खत्म होने के बाद उसके चालक नियाज की रिमांड जारी है। इसकी अदालत ने पांच दिन की रिमांड मंजूर की थी। मंगलवार को रिमांड का चौथा दिन रहा। आज बुधवार की सुबह दस बजे के पहले पुलिस टीम उसे भी रिमांड की मियाद खत्म होने पर जेल में दाखिल करेगी।
सपा नेता फराज ने दिलाया था मकान
शहर के कपसेठी स्थित प्रहलाद साहू के जिस मकान में निखत व उसके परिजन रहते थे। उसके मालिक से पुलिस ने फिर से पूछताछ की। मकान मालिक ने बताया कि उसे यह कतई नहीं पता था कि यह लोग कौन हैं। उसे सपा नेता फराज ने ही जलकल विभाग के ठेकेदार बताकर मकान दिलाया था। इसके लिए किराया पूरा दिया था।
मकान मालिक बोला- मैं विश्वास में रह गया था
मकान में रहने वालों का आधार पुलिस कोतवाली में नहीं दिया था, क्योंकि वह विश्वास में रह गया। उसने बताया कि पुलिस को उसने पूरी जानकारी दी है। उसके मकान में चार से पांच लोग रहते थे। निखत बानो व उसका एक छोटा बच्चा था। निखत व चालक के जाने के बाद इसकी देखरेख उनके साथ ही आई एक वृद्ध महिला करती थी।