Kanpur: युवती से वीडियो कॉल पर बात करते हुए फंदे से लटका युवक, पुलिस ने की जांच…मोबाइल कब्जे में लिया
Kanpur News: कल्याणपुर के बारासिरोही में एक युवक ने युवती से वीडियो कॉल पर बात करते हुए फंदा लगाकर जान दे दी। युवक निर्माणाधीन इमारत में रहता था। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जांच की है और मोबाइल कब्जे में लिया है।
विस्तार
कानपुर के कल्याणपुर में स्थित निर्माणाधीन इमारत में काम करने वाले युवक ने बुधवार देर रात युवती से वीडियो कॉल पर बात करते हुए फंदा लगाकर जान दे दी। गुरुवार सुबह सफाई कर्मी हॉल पहुंचा तो शव फंदे पर लटकता मिला। उसने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच कर मोबाइल को कब्जे में लिया है।
अलीगढ़ जिले के तारापुर इग्लास निवासी रिंकू सिंह (45) पिछले कई महीनों से बारासिरोही में एक निर्माणाधीन इमारत में मजदूरी कर रहा था। दीपावली पर वह घर गया था। दो दिन पहले ही काम पर लौटा था। चचेरे भाई हाथरस निवासी दिनेश सिंह ने बताया कि रिंकू एक युवती से बातचीत करता था। बुधवार रात भी वह युवती से वीडियो कॉल पर बातचीत कर रहा था। इसके बाद वह सोने चला गया।
मोबाइल फोन को जांच के लिए कब्जे में लिया
देर रात उसने हॉल में गमछे से पंखे के सहारे फंदा लगाकर जान दे दी। गुरुवार सुबह वह काफी देर तक बाहर नहीं निकला। इसके बाद सफाई के लिए वहां कर्मी पहुंचा तो वह फंदे पर शव लटक रहा था। कल्याणपुर पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की। शव के पास रखे रिंकू के मोबाइल फोन को जांच के लिए कब्जे में लिया। थाना प्रभारी का कहना है कि रिंकू के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है।