Kanpur: पुलिस भर्ती के लिए लगाई गईं 150 बसें, 10 स्पेशल ट्रेनें भी चलेंगी, निशुल्क यात्रा की सुविधा
Kanpur News: पुलिस भर्ती परीक्षा को देखते हुए सेंट्रल स्टेशन, गोविंदपुरी, अनवगंज स्टेशन पर रेलवे, आरपीएफ, जीआरपी की ड्यूटी लगाई गई है। वहीं, झकरकटी, रावतपुर, चुन्नीगंज बस अड्डे से अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी।
विस्तार
कानपुर में पुलिस भर्ती परीक्षा का शुक्रवार और शनिवार को आयोजन होगा। अभ्यर्थियों की भीड़ को देखते हुए सेंट्रल स्टेशन से जहां झांसी, टूंडला, मथुरा, लखनऊ, सूबेदारगंज के लिए स्पेशल ट्रेनों का संचालन होगा। वहीं, झकरकटी, रावतपुर और चुन्नीगंज बस अड्डे से 150 अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। देर रात सेंट्रल स्टेशन और झकरकटी बस अड्डे पर अभ्यर्थियों का आना शुरू हो गए थे।
पुलिस भर्ती परीक्षा 23 अगस्त से शुरू हुई। 24 और 25 अगस्त को भी परीक्षा का आयोजन किया गया। परीक्षा में कई शहरों से महिला और पुरुष अभ्यर्थी शामिल हुए थे। झकरकटी बस अड्डे से आगरा, झांसी, टूंडला, शिकोहाबाद, झांसी, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, इटावा, रायबरेली आदि शहरों की बसें नहीं मिली थी।
एकदम से भीड़ बढ़ने पर परीक्षार्थियों ने हंगामा भी किया। यही स्थिति सेंट्रल स्टेशन की भी रही। रेलवे, आरपीएफ और जीआरपी स्टाफ ने काफी मशक्कत के बाद उन्हें स्पेशल ट्रेनों से भिजवाया। वहीं, काफी संख्या में परीक्षार्थी सुपरफास्ट और एक्सप्रेस ट्रेनों से भी गंतव्य के लिए रवाना हुए थे।
सेंट्रल स्टेशन से 10 के आसपास स्पेशल ट्रेनें चलाई जा सकती हैं। यह निर्णय भीड़ की स्थिति को देखते हुए लिया जाएगा। ट्रेनों का पर्याप्त रैक मौजूद है। -संतोष कुमार त्रिपाठी, एसीएम रेलवे
झकरकटी और अन्य बस अड्डों से रोडवेज की 150 बसें चलाई जाएंगी। इस बार झांसी, आगरा, फर्रुखाबाद पर फोकस रहेगा। पुलिस भर्ती परीक्षा के अभ्यर्थियों को निशुल्क यात्रा की सुविधा दी गई है। -अनिल कुमार, आरएम, यूपीएसआरटीसी