जौनपुर में महिला की हत्या का खुला राज: दुराचार में नाकाम होने पर भतीजे ने दोस्त संग चाची को मार डाला, 36 घंटे के भीतर पुलिस ने दबोचा
जौनपुर पुलिस ने 36 घंटे के अंदर एक हत्या के मामले को सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने अपनी चाची के साथ दुराचार करने की कोशिश की थी। साथ में उसका दोस्त भी था। लेकिन दोनों कामयाब नहीं हो सके तो हत्या कर दी।
विस्तार
लाइन बाजार थाना क्षेत्र के जगदीश पट्टी निवासी बक्शा ब्लॉक में सहायक लेखाकार आमोद पटेल की पत्नी मंजू पटेल की हत्या कर घर से कुछ दूर जफराबाद थाना क्षेत्र में रेलवे लाइन किनारे झाड़ी में फेंका गया शव शुक्रवार की सुबह मिला था। वह बृहस्पतिवार की शाम शौच करने निकली थी। पति की तहरीर पर अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर पुलिस छानबीन में जुट गई थी।
एएसपी सिटी ने बताया कि जफराबाद थाना प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र सिंह व उनके हमराहियों ने तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर शनिवार को मंजू के जेठ संतोष कुमार पटेल के पुत्र अजय पटेल को गिरफ्तार कर लिया।
ईंट से सिर पर किया वार, फिर गला दबाया
एएसपी सिटी के मुताबिक़, आरोपी ने बताया कि बृहस्पतिवार की शाम करीब सात बजे उसकी चाची मंजू देवी शौच के लिए खेत की ओर गई थीं। तभी वह उनके पीछे लग गया। रास्ते में रेलवे लाइन के पहले खंडहर के पास उसे उसका दोस्त मीनू पटेल मिल गया।
वन विभाग की नर्सरी के पास उसने और मीनू पटेल ने गलत इरादे से चाची को पकड़ लिया। लेकिन पहचान लेने पर उन्होंने घर में सबको इसकी जानकारी देने की धमकी दी। बताया कि पहले भी आरोपी चाची के साथ ऐसी हरकत करते पकड़ लिया गया था। इसी से उसने बदनामी के डर से ईंट से चाची के सिर पर वार कर दिया। वह अचेत हो गईं। तब उनकी गला दबाकर हत्या कर दी। मीनू उनके दोनों पैर दबाए था।
इंसाफ मांगने पहुंचीं छात्राओं को थानाध्यक्ष ने दी गाली
मंजू पटेल की हत्या से आक्रोशित टीडी कॉलेज की छात्राएं शनिवार को जब एसपी से गुहार लगाने पहुंची तो वहां मौजूद थानाध्यक्ष लाइन बाजार ने दुर्व्यहार किया। थानाध्यक्ष अखिलेश मिश्रा ने छात्राओं को खुलेआम गालियां तक दीं। थानेदार का यह रूप देख वहां मौजूद लोग सकते में आ गए। वीडियो जारी होने पर घटनाक्रम की पूरे दिन चर्चा होती रही। लोग पुलिस की हरकत की निंदा करते रहे।