वाराणसी की प्रमुख खबरें: एंटी रोमियो टीम ने दो महिलाओं को दबोचा, चोरी के आरोप में युवक की पिटाई, वीडियो वायरल
Varanasi News: सार्वजनिक स्थल पर अश्लील इशारा करने वाली दो महिलाओं को एंटी रोमियो की टीम ने गिरफ्तार किया। उधर, चौक थाना क्षेत्र के सर्राफा बाजार में चोरी के आरोप में युवक की पिटाई का वीडियो वायरल हुआ। पढ़ें- अन्य क्राइम की खबरें
विस्तार
वाराणसी में सिगरा थाना क्षेत्र में सार्वजनिक स्थल पर राहगीरों और आमजन को अश्लील इशारे कर परेशान करने के आरोप में पुलिस ने दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, थाना सिगरा की एंटी रोमियो टीम को सूचना मिली थी कि पिलर नंबर 57 से 60 के आसपास कुछ महिलाएं राहगीरों को अश्लील इशारे कर परेशान कर रही हैं। एंटी रोमियो टीम मौके पर पहुंची और जांच की। पुलिस के मुताबिक, मौके पर लोगों से मिली शिकायत सही पाई गई। इसके बाद पुलिस ने दो महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि कार्रवाई की जा रही है।
सर्राफा बाजार में चोरी के आरोप में युवक की पिटाई, वीडियो वायरल
चौक थाना क्षेत्र के रेशम कटरा के सर्राफा बाजार में चोरी के आरोप में युवक की पिटाई का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। युवक पर एक सर्राफा दुकान से चांदी के आभूषण चोरी का आरोप लगाकर कर कुछ लोगों ने युवक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। किसी व्यक्ति ने घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। थाना प्रभारी दिलीप मिश्रा ने बताया कि पुलिस जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
स्कूल के पास छात्राओं से अभद्रता करने वाला युवक गिरफ्तार
राजकीय हाईस्कूल जंसा के पास छात्राओं को शोभनीय इशारे और अभद्र टिप्पणियां करने के आरोपी मनोज कुमार (33) को पुलिस ने गिरफ्तार किया। थानाध्यक्ष सत्यजीत सिंह ने बताया कि शुक्रवार को जानकारी मिली कि छात्राओं पर शोहदा कमेंट कर रहा है। मौके एंटी रोमियो को भेजा गया और गिरफ्तार किया गया है। आरोपी सारंगपुर (देईपुर) जंसा का निवासी है।
अभियुक्त को जेल में बिताई अवधि की सजा
ऑपरेशन कन्विक्शन अभियान के तहत प्रभावी विवेचना के चलते 2007 के एक मामले में अभियुक्त शिवकुमार उर्फ बबलू निवासी कछवा रोड को दोषसिद्ध करार देते हुए अदालत ने सजा सुनाई गई। अभियोजन पक्ष की ओर से प्रस्तुत साक्ष्यों और पुलिस की प्रभावी पैरवी के आधार पर न्यायालय ने जेल में बिताई अवधि का कारावास और एक हजाररुपये अर्थदंड लगाया। अर्थदंड जमा नहीं करने पर 15-15 दिन का अतिरिक्त साधारण कारावास भुगतना होगा।
सुनवाई के बीच महिला अधिवक्ता से अभद्र इशारे और धमकी का आरोप
नगर निगम में नामांतरण संबंधी आपत्ति की सुनवाई के दौरान अधिवक्ता करिश्मा आफरीन ने मोहम्मद दाऊद पर अभद्र इशारे करने, गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। महिला की तहरीर पर रामनगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। गोलाघाट निवासी अधिवक्ता करिश्मा आफरीन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 22 जुलाई को नगर निगम में उनकी आपत्ति पर सुनवाई थी। आरोप है कि सुनवाई के दौरान मोहम्मद दाऊद ने उनका मकान तुड़वाने की धमकी दी। विरोध करने पर आरोपी ने उनके साथ अश्लील इशारे किए। महिला अधिवक्ता के अनुसार, आरोपी पहले भी उनके साथ गाली-गलौज और अभद्रता कर चुका है तथा जान से मारने की धमकी दे चुका है। उन्होंने यह भी बताया कि आरोपी के खिलाफ पूर्व में कानूनी कार्रवाई हो चुकी है। थाना प्रभारी संजय मिश्रा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
ई-रिक्शा चालक से मारपीट कर वाहन ले जाने का आरोप
रामनगर थाना क्षेत्र के बटाऊबीर स्थित एक बैंक के सामने स्कॉर्पियो सवार युवकों पर ई-रिक्शा चालक राकेश प्रसाद से मारपीट कर उसका वाहन ले जाने का आरोप लगा है। पीड़ित राकेश प्रसाद ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 23 जुलाई की शाम वह घर जा रहा था। इसी दौरान काली स्कॉर्पियो सवार कुछ युवकों ने उसे रोककर गाली-गलौज की और मारपीट करने के बाद उसका ई-रिक्शा लेकर फरार हो गए। पीड़ित ने पुलिस से घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान करने और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद उचित विधिक कार्रवाई की जाएगी। संवाद
होटल में ठहरे ओडिशा के श्रद्धालु की तबीयत बिगड़ने से मौत
मंडुवाडीह क्षेत्र के एक होटल में ठहरे ओडिशा के श्रद्धालु विश्वजी साहू (54) की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान विश्वजी साहू (54) पुत्र लक्ष्मीकांत साहू, निवासी फिरंगिया थाना क्षेत्र, जिला कंधमाल (ओडिशा) के रूप में हुई। वह 94 सदस्यीय श्रद्धालुओं के समूह के साथ 22 जुलाई को मंडुवाडीह की विहार कॉलोनी स्थित होटल श्रीगो कंचन में ठहरे थे। बृहस्पतिवार को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। साथियों ने तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, काशी विद्यापीठ पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मंडुवाडीह थाना प्रभारी अजय राज वर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा।
तेज रफ्तार ऑटो की टक्कर से वृद्धा घायल, चालक भागा
चौबेपुर थाना क्षेत्र के रमना गांव निवासी राजदेई देवी (70), पत्नी रामधनी यादव, शुक्रवार को रोज की तरह संत श्री कच्चा बाबा मंदिर में दर्शन करने जा रही थीं। आश्रम के सामने पहाड़िया-बलुआ मार्ग पार करते समय बलुआ घाट की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे ऑटो रिक्शा ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वृद्धा गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ीं। दुर्घटना के बाद ऑटो चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि महिला को इलाज के लिए भेजा गया है।
इसे भी पढ़ें; Jaunpur Crime: शिकायत हुई, जांच हुई और बिछा जाल... 10 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ चकबंदी कानूनगो गिरफ्तार
विवाहिता से मारपीट में छह पर प्राथमिकी
फूलपुर थाना क्षेत्र के पुरा रघुनाथपुर गांव में मैना देवी के साथ मारपीट के मामले में पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने जेठ, जेठानी, देवर और सास समेत छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस को दी तहरीर में मैना देवी, पत्नी दीपक कुमार, ने आरोप लगाया कि 22 जुलाई की शाम करीब पांच बजे देवर पंकज कुमार, प्रदीप कुमार व अश्वनी कुमार, जेठ मंगल प्रसाद, सास कृष्णावती देवी और जेठानी रेखा देवी ने मिलकर लाठी-डंडों और लात-घूंसों से उनकी पिटाई कर दी। आरोप है कि उन्हें घर से बाहर निकालने की धमकी भी दी गई। पीड़िता ने देवर पंकज कुमार पर गलत नजर रखने का भी आरोप लगाया है। मैना देवी के मुताबिक, इससे पहले भी उनके साथ मारपीट की घटना हो चुकी है। थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।