भटपुरा गांव में रविवार को देर रात क्लीनिक से घर आ रहे चिकित्सक से बाइक सवार असलहाधारी बदमाशों ने सात हजार रुपये छीन लिए। हालांकि इस दौरान चिकित्सक ने शोर मचाते हुए बदमाशों से हाथापाई कर ली। हड़बड़ी में बदमाश तमंचा छोड़कर पटैला की तरफ भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस तमंचे को कब्जे में लेकर छानबीन में जुट गई। वहीं, पुलिस ने तमंचा बरामदगी की बात से इंकार किया है।
भटपुरा गांव निवासी सत्यदेव गौतम उर्फ सिकंदर का इसी थाना क्षेत्र के मरहट बाजार में निजी चिकित्सालय है। वह रविवार को रात करीब साढ़े नौ बजे वह चिकित्सालय बंद कर घर लौट रहे थे। धमौर बाजार में घरेलू सामान की खरीदारी कर बाइक पर रख लिए। रात लगभग 10.15 बजे घर से करीब चार सौ मीटर पहले सुनसान स्थल पर पहुंचे थे कि बाइक सवार तीन बदमाशों ने ओवरटेक करके उन्हें रोक लिया। वह कुछ समझ पाते, इसी बीच बदमाशों में से एक ने उन पर तमंचा सटा दिया, जबकि दूसरे ने उनकी जेब में रखा पर्स निकाल लिया। जिसमें सात हजार रुपये रखे थे। रुपये छीनने के बाद बदमाश भागने लगे तो चिकित्सक ने शोर मचाते हुए तमंचा सहित एक बदमाश का पंजा पकड़ लिया। इससे बौखलाया बदमाश तमंचा छोड़कर साथियों के साथ बाइक पर सवार हो गया। बदमाश पटैला बाजार की तरफ फरार हो गए। पीड़ित ने घटना के संबंध में तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी है। इस संबंध में थानाध्यक्ष विजेंद्र सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।