जौनपुर: केरोसिन लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचा फरियादी, कहा- बार-बार करता हूं शिकायत, पैसा मांगती है पुलिस
फरियादी ने वीडियो में कहा कि सिपाही ने उससे पैसे की भी मांग की। मैं 200 रुपये की रोज नौकरी करता हूं, पैसा कहा से दूं। आरोप लगाया कि उसके चचेरे भाई का मोबाइल भी छीन लिए हैं। पीड़ित का बार-बार यही कहना था कि हमारा मकान बनना चाहिए।
विस्तार
पुलिस कार्रवाई के बजाए उससे ही पैसा की मांग करती है। लाइन बाजार थाना क्षेत्र के अहिरौली निवासी ओम प्रकाश अपनी पत्नी, बेटे और परिवार अन्य सदस्यों के साथ कलेक्ट्रेट आया था। वह बोतल में केरोसिन लिए डीएम के पास जा रहा था कि रास्ते में ही सुरक्षा कर्मियों ने उसे पकड़ लिया। जिसके बाद वह चीख-चीख कर अपनी व्यथा सुनाने लगा। जिसका वीडियो भी वायरल हो रहा है।
इस वीडियो में ओम प्रकाश आरोप लगा रहा था कि उसके पट्टीदार उसका मकान बनने नहीं दे रहे हैं। बहुत बार शिकायत कर चुका हूं। लेकिन, कोई सुनवाई नहीं होती है। विरोधी उसकी पत्नी के साथ छेड़खानी भी किए। आरोप लगाया कि पुलिस के लोग पैसा पा जाते और कहते हैं कि उसका बनेगा, तुम्हारा नहीं बनेगा।
इतना ही नहीं, फरियादी ने वीडियो में यह भी आरोप लगाते हुए कहा कि सिपाही पीयूष सिंह ने उससे पैसे की भी मांग की। कहा कि मैं 200 रुपये की रोज नौकरी करता हूं, पैसा कहा से दूं। आरोप लगाया कि उसके चचेरे भाई का मोबाइल भी छीन लिए हैं। पीड़ित का बार-बार यही कहना था कि हमारा मकान बनना चाहिए।
वहीं, इस संबंध में थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार मिश्रा का कहना है कि वह फरियाद करने गया था। राजस्व विभाग की टीम के साथ पुलिस जाएगी और समस्या का समाधान कराएगी। वहीं, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट हिमांशु नागपाल ने कहा कि जैसा कि थानाध्यक्ष ने बताया कि परसो का मामला है।
शिकायत पर पुलिस ने निर्माण कार्य रोकवा दिया था। इधर एक पक्ष इसकी थाने या तहसील शिकायत न करके सीधे केरोसिन लेकर कलेक्ट्रेट पहुंच गया। फिलहाल, पूरे प्रकरण की जांच के लिए पत्र लिखूंगा। राजस्व टीम और पुलिस मौके पर गई है,समस्या का समाधान कराया जा रहा है।