जौनपुर। जनपद में कोरोना से संक्रमित मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। रविवार को भी छह और संक्रमितों के मिलने के बाद सक्रिय मरीज मिले हैं। इस तरह संक्रमित मरीजों की संख्या 46 पहुंच गई है। वहीं, स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 1451 लोगों का नमूना लिया।
पहली बार चार जनवरी तीन लोग कोरोना से संक्रमित मिले थे। इसके बाद मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ने लगी थी। शनिवार को तो मरीजों की संख्या 40 पहुंच गई। जिसे देखते हुए स्वास्थ महकमा भी सतर्क हो गया है। लक्षण वाले मरीजों की त्वरित पहचान कर संक्रमण पर नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान तेज कर दिया। रविवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 1451 नमूना लिया। इनमें 751 की एंटीजन से जांच की गई। वहीं, स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक 6 नये संक्रमित मरीज मिले हैं। इनमें सर्वाधिक तीन मरीज शहर के हैं। जबकि खुटहन, सिरकोनी और बक्शा इलाके में एक-एक मरीज संक्रमित मिले हैं। संक्रमित मरीजों में एक का इलाज कई दिनों से बीएचयू में चल रहा है, जबकि एक पीजीआई का हेल्थ वर्कर है। वहीं, कोरोना के बढ़ते मरीजों की संख्या को देखते हुए 80 केंद्रों पर टीकाकरण का कार्य जोर पकड़ लिया है। आदर्श इंटरमीडिएट कालेज शंभूगंज जौनपुर में कक्षा 9 से 12 के 300 छात्रों को कोविड से बचाव के लिए रविवार को टीकाकरण किया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोंधी के स्वास्थ्य कर्मियों ने कुल 351 छात्र छात्राओं को टीका लगाया। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य नौशाद अहमद खान ने सभी के प्रति आभार जताया। मछलीशहर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र द्वारा युद्धस्तर पर वैक्सीनेशन किया जा रहा है। गत सप्ताह भर में 25563 लोगों को वैक्सीन लगाई गई हैं। अस्पताल के अधीक्षक डा. विशाल सिंह यादव ने बताया कि सोमवार को गंगादीन रामकुमार इंटर कालेज रामगढ़ और होरिल राव इंटर कालेज कुंवरपुर में विद्यार्थियों को कोविंद की पहली खुराक दी जाएगी। शाहगंज नगर के खुटहन मार्ग स्थित सेंट जेवियर्स स्कूल में 15 से 18 साल के बच्चों के लिए कोविड वैक्सिनेशन कैंप लगाने का फैसला किया है। यह कैंप 11 जनवरी मंगलवार को लगाया जाएगा। कैंप स्कूल परिसर में ही लगेगा और सुबह साढ़े 10 बजे से वैक्सिनेशन शुरू हो जाएगा।