मौत बनी पहेली: जौनपुर जिले में 48 में पांच लोगों की गयी जान, सहमे ग्रामीणों के बीच तरह तरह की चर्चा
आजमगढ़ जहरीली शराब कांड के बाद जौनपुर में बीते दो दिन में पांच लोगों की मौत हुई है जबकी कई बीमार हैं. ग्रामीणों का कहना ही कि इनकी मौत भी शराब के सेवन से ही हुई है लेकिन पुलिस इससे इनकार कर रही है. इधर, इस घटना को लेकर लोग सहमे हुए हैं। तरह-तरह की चर्चा है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के सरायख्वाजा के पकड़ी गांव में दंपती की संदिग्ध मौत का मामला अभी सुलझा भी नहीं था कि अब महरौड़ा गांव में 24 घंटे के अंदर तीन युवकों की मौत ने हड़कंप मचा दिया है। गांव में दो युवकों की भी तबीयत भी खराब है। वहीं पुलिस इसे बीमारी का असर मान रही है। सभी का सैंपल लेकर आरटी-पीसीआर जांच को भेजा गया है।
खेतासराय थाना क्षेत्र के महरौड़ा गांव निवासी लक्ष्मण (25) की बृहस्पतिवार की रात अचानक तबीयत बिगड़ गई। जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। वहीं, कंचन (35) की शुक्रवार को जिला अस्पताल और सफाई कर्मी अरूण कुमार (30) की मौत शुक्रवार की दोपहर वाराणसी के निजी अस्पताल में हुई।
गांव निवासी अखिलेश (26) का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है, जबकि एक अन्य युवक को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। परिजनों के मुताबिक सभी युवकों में एक जैसे ही लक्षण थे। ग्रामीणों का कहना है कि जिन युवकों की मौत हुई है, उन्हें आंखों में धुंधलापन छाने लगा था। सांस लेने में तकलीफ थी। इस घटना को लेकर लोग सहमे हुए हैं। तरह-तरह की चर्चा है।
ग्रामीण इसे स्वाभाविक मौत नहीं मान रहे। इस बाबत सीओ शाहगंज अंकित कुमार का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही हे। प्रथम दृष्टया कोविड से संबंधित मामला लगता है। इन युवकों को सांस लेने में तकलीफ थी। आरटी-पीसीआर जांच भी कराया गया है। रिपोर्ट अभी नहीं आई है। शराब के सेवन व अन्य कारणों से मौत की अफवाह कुछ लोग माहौल बिगाड़ने के लिए उड़ा रहे हैं। ऐसे लोगों को भी चिह्नित किया जा रहा है।