केराकत (जौनपुर)। नगर के नार्मल स्कूल के मैदान पर बुधवार को केराकत स्पोर्ट्स डेवलपमेंट एकेडमी के तत्वावधान में चौधरी चरण सिंह राज्य स्तरीय फुटबाॅल प्रतियोगिता का फाइनल मैच खेला गया। केराकत ने मऊ को 2-1 से हराकर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता जीत ली। फाइनल मैच के पहले हाफ में केराकत के खिलाड़ी भोलू ने एक गोल मारकर अपनी टीम को बढ़त दिलाई। दूसरे हाफ की शुरुआत में केराकत ने एक और गोल दाग कर दो गोल से बढ़त बना ली। दोनों टीमें एक दूसरे पर हमले पर हमले करती रहीं। खेल के कुछ देर बाद मऊ की टीम ने एक गोल मारकर बढ़त के अंतर को कम किया। मैच के अंत तक मऊ की टीम गोल नहीं कर सकी। केराकत 2-1 के अंतर से विजेता घोषित हुई। इसके पहले मुख्य अतिथि सपा सांसद प्रिया सरोज, विधायक तूफानी सरोज, डाॅ. विजय कुमार यादव व प्रदेश कोषाध्यक्ष भाजपा किसान मोर्चा माधुरी गुप्ता ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर खेल का शुभारंभ किया। मैन आफ द मैच केराकत के भोलू को दिया गया। कमेंट्रेटर वीरू यादव व योगेश मास्टर व सुनील कन्नौजिया रहे। निर्णायक की भूमिका एमएच लल्लन, इजहार आलम, मो. शाहिद ने निभाई। इस अवसर पर क्लब के दूधनाथ यादव, कृष्ण कुमार उर्फ विक्की यादव, दयाराम गुप्ता, सत्यनारायण सोनी, जीशान हैदर, रमेश प्रजापति, जयसिंह चौहान, स्वतंत्र यादव पप्पू, कृष्णा सोनी, नमन आदि मौजूद रहे।