जौनपुर: स्कॉर्पियो से पकड़ी गई साढ़े 8 लाख की अवैध शराब, तस्कर गिरफ्तार, दो फरार
मुखबिर से मिली सूचना के बाद मुंगराबादशाहपुर थाना पुलिस की टीम ने गोवर्धनपुर गांव के निकट खड़े स्कॉर्पियो से 536 लीटर अवैध शराब बरामद किया। एएसपी ग्रामीण शैलेंद्र कुमार सिंह के मुताबिक बरामद शराब की कीमत लगभग 8 लाख 50 हजार रुपये है।
विस्तार
यूपी के जौनपुर जिले में पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने स्कॉर्पियो से साढ़े आठ लाख की अवैध शराब पकड़ी। एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया। उसके दो साथी फरार हो गए। मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र में लम्बे अर्से से चल रहे अवैध शराब के धंधे का पुलिस ने बृहस्पतिवार रात भंडाफोड़ किया।
देर रात पुलिस ने एक स्कार्पियो एवं दो बाइक पर लदी 536 लीटर अवैध शराब, एक हजार रैपर ,150 बारकोड सहित एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जबकि दो अभियुक्त पुलिस को चकमा देकर भाग निकले। एएसपी ग्रामीण शैलेंद्र कुमार सिंह के मुताबिक बरामद शराब की कीमत लगभग 8 लाख 50 हजार रुपये है।
गांव के बाहर खड़ी थी स्कॉर्पियो
एएसपी ग्रामीण ने पुलिस लाइन में बताया कि गुरुवार को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ अवैध शराब के तस्करों द्वारा वाहन में लाद कर गोवर्धनपुर की ओर रात में आने वाले हैं। सूचना के आधार पर मुंगराबादशाहपुर थाना पुलिस ने मय हमराह चौकी प्रभारी सतहरिया अजय प्रकाश पांडेय के साथ गोवर्धनपुर गांव के निकट देर रात घेरेबंदी की।
पिंटू पर दर्ज हैं 16 मुकदमे
एएसपी ग्रामीण ने आरोपियों में वीर बहादुर उर्फ पिंटू सिंह को शातिर अपराधी करार देते हुए बताया कि उसके खिलाफ विभिन्न थानों में 16 मुकदमे दर्ज किए गए हैं । वीर बहादुर सिंह उर्फ पिंटू के विरुद्ध मछलीशहर, मड़ियाहूं, सिगरामऊ, बरसठी, सुजानगंज व मुंगराबादशाहपुर थानों में गैंगस्टर, एससी-एसटी, आबकारी एक्ट, जान से मारने की धमकी, लूट, मारपीट, हत्या के प्रयास, प्राणघातक हमला, धोखाधड़ी, जालसाजी आदि धाराओं में 16 मुकदमे दर्ज हैं, जो अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया है।