जौनपुर। जनपद की नौ सीटों पर चुने गए विधायकों में हाईस्कूल से लेकर डाक्टर तक शामिल हैं। इस बार जनपद की 20 लाख 7 हजार 504 मतदाताओं ने 121 प्रत्याशियों में नौ को विधायक चुना है। इस बार नौ विधायकों में एक हाईस्कूल पास है तो एलएलबी और स्नातक की डिग्री रखने वाले तीन-तीन और दो के पास डाक्टर की डिग्री है।
बात अगर सबसे कम डिग्री वाले विधायक की बात करें तो सबसे पहले बदलापुर से भाजपा विधायक रमेश चंद्र मिश्रा का नाम लिया जाता है, जो हाईस्कूल तक की पढ़ाई किए हैं और दोबारा विधायक चुने गए हैं। मल्हनी विधानसभा से लगातार दूसरी बार विधायक बने लकी यादव, शाहगंज विधानसभा से निषाद पार्टी के विधायक रमेश सिंह और केराकत विधानसभा से सपा के विधायक तूफानी सरोज के पास स्नातक की डिग्री है। वहीं, सदर विधानसभा से दूसरी बार विधायक बने गिरीश चंद्र यादव, मुंगराबादशाहपुर से सपा से विधायक बने पंकज पटेल और जफराबाद विधानसभा से विधायक बने जगदीश नारायण राय के पास वकालत (एलएलबी) की डिग्री है। जबकि, मडि़याहूं विधानसभा सीट से अपना दल एस के विधायक डॉक्टर आरके पटेल और मछलीशहर विधानसभा सीट से सपा की विधायक डा. रागिनी सोनकर के पास एमबीबीएस की डिग्री है। इसी तरह उम्र को लेकर बात करें तो सबसे कम उम्र की विधायक डा. रागिनी सोनकर 31 साल की हैं और सबसे ज्यादा उम्र विधायक जगदीश नारायण राय की 66 साल है।