जौनपुर जिला जेल में पहुंचा कोरोना, दो बंदी पॉजिटिव, आरआई लाइन समेत 34 नए मरीज मिले
जौनपुर जिले में कोरोना का संक्रमण अब जिला जेल तक पहुंच गया है। शनिवार को दो बंदियों समेत 34 नए पॉजिटिव मरीज मिले हैं। पीड़ितों में आरआई लाइन, पुलिस ऑफिस के बाबू सहित 27 लोग स्थानीय हैं। मछलीशहर में पिता और तीन पुत्र तो धर्मापुर व बरसठी में एक ही परिवार के तीन-तीन सदस्य कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। जिले में कोरोना पॉजिटिव केस की संख्या 867 हो गई है। इसमें एक्टिव केस 215 हैं।
पचहटिया में बनाए गए अस्थाई जेल में रखे गए बंदियों का सैंपल नौ जुलाई को लिया गया था। सैंपल लेने के बाद सभी को जिला जेल में शिफ्ट किया गया था। इसमें एक बंदी को उसी दिन रिहा किया जाना था। तबीयत खराब होने के चलते उसे रिहाई के बाद जिला अस्पताल भेज दिया गया था। शुक्रवार को उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उसके साथ रह रहे उसी के गांव के एक अन्य बंदी की भी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
उसे भी शनिवार को आनन-फानन में कोविड अस्पताल भेज दिया गया। जेलर राजकुमार ने बताया कि अस्थायी जेल से लाए गए अन्य सभी कैदियों और उनके संपर्क में आए लोगों की जांच कराई जा रही है। उन्हें जेल में ही आइसोलेट किया जा रहा है। बैरक नंबर एक के बरामदे को आइसोलेशन वार्ड बनाया जा रहा है। शनिवार को 97 बंदी व तीन कर्मचारियों की एंटीजन रैपिड किट से टेस्ट कराया गया। सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
उधर, जिला महिला अस्पताल गेट के सामने स्थित एक मेडिकल स्टोर संचालक भी पॉजिटिव मिला है। सीओ सदर के पॉजिटिव आने के बाद उनके स्टाफ व पुलिस लाइंस के अधिकारियों-कर्मचारियों ने रैपिड किट टेस्ट से जांच कराई थी। इसमें आरआई लाइन, पुलिस ऑफिस के एक बाबू और सीओ सदर के स्टाफ समेत छह कर्मचारी पॉजिटिव मिले हैं। शहर के ईशापुर में एक ही परिवार के दो सदस्य भी कोरोना संक्रमित हैं।
अन्य पीड़ितों में धर्मापुर के विशेषरसपुर और बरसठी के कटवार निवासी एक परिवार के तीन-तीन सदस्य, मछलीशहर के सराये मछलीशहर में पिता और तीन पुत्र, मछलीशहर कस्बा निवासी मां-बेटे, बदलापुर के लेदुका निवासी महिला, शाहगंज के हुसेनगंज निवासी वृद्ध, रामनगर के वसीरपुर बुद्धिपुर निवासी एक परिवार के चार, महराजगंज के सवंसा निवासी वृद्ध, खुटहन के चकफतेहपुर निवासी वृद्ध, मछलीशहर के निकामुद्दीपुर व खाखोपुर निवासी एक-एक युवक शामिल हैं।
सीएमओ डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि सभी मरीजों को पूविवि में बने कोविड-19 अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनके संपर्क में आए अन्य लोगों की जांच कराई जा रही है।