जौनपुर: ग्रामीणों और पशु तस्करों में संघर्ष, फायरिंग, दो को पकड़कर पुलिस को सौंपा, 12 पशु तस्कर फरार
भोर में चार बजे मौके पर पहुंची पुलिस ने दो असलहे, कारतूस व 25 हजार नकद रुपये के साथ उमर अली(32)और सिराजुल अली(24) निवासी महराजगंज थाने के लमहन गांव को गिरफ्तार कर लिया।
विस्तार
रविवार की रात जफराबाद बाईपास पर दो पिकअप वाहन तथा दो बोलेरो गाड़ी से 15 पशु तस्कर पहुंचे। बाईपास से 100 मीटर की दूरी पर राजदेव राजभर के घर से दो पशु खूंटे से निकालकर पिकअप की तरफ ले जा रहे थे। इस दौरान राजदेव के छोटे पुत्र सोनू की नींद खुल गई। खूंटे पर नजर पड़ी तो भैंस नहीं थी।
सोनू ने देखा भैंस पिकअप पर लादी जा रही थी। सोनू ललकारते हुए पशु तस्करों की तरफ बढ़ा। तस्करों ने सोनू पर पथराव कर दिया। सोनू शोर मचाते हुए गांव की तरफ भागा। दर्जनों लोग सोनू के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। पशु तस्करों ने फायरिंग शुरू कर दी। कुछ युवाओं ने हाईवे पर वाहन को चारों तरफ से घेर लिया।
इस दौरान पशु तस्करों ने पथराव के साथ फायरिंग की लेकिन गांव के नौजवान हिम्मत नहीं हारे। ग्रामीणों से घिरते देख तीन वाहन से पशु तस्कर भाग निकले लेकिन ग्रामीणों ने एक वाहन की स्टेरिंग पकड़कर घुमा दी जिससे वाहन हाईवे किनारे गड्ढे में पलट गया।
वाहन में छह पशु थे, दो दबकर मर गए। गांव वालों ने दो पशु तस्करों को असलहे व कारतूस के साथ दबोच कर जमकर पिटाई की। भोर में चार बजे जफराबाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई। थाना अध्यक्ष योगेंद्र प्रताप सिंह फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए।
दो असलहे, कारतूस व 25 हजार नकद रुपये के साथ उमर अली(32)और सिराजुल अली(24) निवासी महराजगंज थाने के लमहन गांव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। थाना अध्यक्ष योगेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि दोनों पशु तस्करों का चालान कर न्यायालय भेज दिया गया है। जनपद के अलग-अलग थानों में उमर पर 31 और सिराजुल पर 7 मुकदमे दर्ज हैं।