जौनपुर में मिला एक और कोरोना मरीज, कई जगहों की यात्रा करने की वजह से संक्रमित होने की आशंका
जौनपुर में जिले में रविवार देर शाम कोरोना पॉजिटिव मरीज मिलते ही हड़कंप मच गया। संक्रमित करंजाकला विकास खंड के एक गांव का निवासी है। उसके कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि सीएमओ ने की। संक्रमित ट्रक ड्राइवर है और जानकारी के अनुसार कई क्षेत्रों से यात्रा करते हुए आया था। उसकी हरियाणा के पलवल में जांच हुई थी। अब जिले में कोरोना पॉज़िटिव की संख्या 9 हो गई है, इनमें पांच लोग ठीक हो चुके हैं।
बताते चलें कि कोरोना के खतरे से सहमे जौनपुर के लिए बृहस्पतिवार को राहत भरी खबर आई थी, क्योंकि पांचवां शख्स भी कोरोना के संक्रमण से मुक्त हो गया था।
जौनपुर में बाहर से आए 13 लोगों पर केस दर्ज
जौनपुर जिले के जफराबाद क्षेत्र के विभिन्न गांवों में बाहर से आकर प्रशासन को सूचना दिए बगैर घर में रह रहे 13 लोगों के खिलाफ पुलिस ने लॉक डाउन के उल्लंघन के आरोप में रविवार को केस दर्ज कर लिया।
थानाध्यक्ष मदनलाल को सूचना मिली कि इलाके के कई गांवों में बाहर से आकर 13 लोग घर में रह रहे हैं। उन्होंने प्रशासन को कोई सूचना नहीं दी। वे नहीं चाहते थे कि उनके आने की सूचना प्रशासन तक पहुंचे।
सूचना पर उप निरीक्षक राजकुमार यादव ने जांच की। इसमें मुंबई से आए राम आसरे निषाद निवासी पिंडरा, श्रवण कुमार यादव निवासी कमरुद्दीनपुर, भूषण चौहान निवासी धनेजा, विकास सरोज , प्रेमशंकर निषाद निवासी मोथहा, हैदराबाद से आए अजय गौड़, आशीष गौड़, विजय गौड़, सुरेंद्र, राजेंद्र, रामदेव , गजेंद्र यादव, धर्मेंद्र यादव निवासी बदलपुर कजगाव के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया।