{"_id":"5f2073450a70b26f0e68406b","slug":"a-record-188-patients-including-health-workers-businessmen-and-policemen-were-found-in-jaunpur","type":"story","status":"publish","title_hn":"जौनपुर में स्वास्थ्य कर्मचारी, व्यापारी व पुलिसकर्मी समेत रिकार्ड 188 मरीज मिले","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
जौनपुर में स्वास्थ्य कर्मचारी, व्यापारी व पुलिसकर्मी समेत रिकार्ड 188 मरीज मिले
Wed, 29 Jul 2020 12:19 AM IST
स्वाधीन तिवारी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जौनपुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जौनपुर
Published by: स्वाधीन तिवारी
Updated Wed, 29 Jul 2020 12:19 AM IST
विज्ञापन
कोरोना वायरस (प्रतीकात्मक तस्वीर)
- फोटो : अमर उजाला
कोरोना पॉजिटिव केस के मामले में मंगलवार को नया रिकार्ड बना। एक साथ 188 पॉजिटिव केस मिले हैं। इसमें सर्वाधिक 51 मरीज मुंगराबादशाहपुर के हैं। शाहगंज क्षेत्र से 32 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। पीड़ितों में बैंक व स्वास्थ्य कर्मचारी के अलावा व्यापारी व पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। नए मरीजों के बाद जिले में पॉजिटिव केस की संख्या 1683 हो गई है। इसमें एक्टिव केस 681 हैं, जबकि 22 की मौत हुई है।
विज्ञापन
कोरोना के ज्यादा से ज्यादा मामलों की पहचान कर उन्हें निगरानी में लेने के लिए जिले में रैपिड एंटीजन किट से सभी ब्लाक सीएचसी-पीएचसी, जिला अस्पताल व मोबाइल टीम के माध्यम से जांच कराई जा रही है। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग की टीम मरीजों के संपर्क में आने वालों के सैंपल लेकर जांच को लैब में भेज रही है।
विज्ञापन
यूबीआई जलालपुर के अधिकारी और पुरेव शाखा के चार कर्मचारियों की जांच रिपोर्ट मंगलवार को पॉजिटिव आई। सूचना मिलते ही दोपहर करीब 12 बजे बैंक में मौजूद ग्राहकों को बाहर कर अंदर से ताला बंद कर दिया गया। कर्मचारियों के संक्रमित होने की जानकारी होने के बाद बैंकिंग काम कराने गए ग्राहकों और पूर्व में बैंक में आने वाले ग्राहक काफी भयभीत हैं।
विज्ञापन
शाहगंज में मंगलवार को आई रिपोर्ट मेंनगर व ग्रामीण इलाकों में कुल 30 लोग संक्रमित पाए गए। बैंक आफ बड़ौदा (बॉब) की स्थानीय शाखा में प्रबंधक, दो कैशियर, दो लिपिक, फील्ड आफिसर व बैंक के बगल स्थित एटीएम के दो गार्ड के पॉजिटिव मिलने के बाद शाखा को बंद कर दिया गया। हुसैनगंज मुख्य मार्ग पर व्यवसाई के परिवार के चार लोग, एराकियाना मोहल्ला के सात व पुराना चौक मोहल्ले के सात संक्रमित पाए गए।
ग्रामीण इलाकों में कौड़ियां और सुरिस गांव के दो-दो लोग संक्रमित मिले हैं। मुंगराबादशाहपुर नगर में चार दिनों तक अलग-अलग मोहल्लों में कैंप लगाकर लोगों की जांच कर सैंपल लिए गए थे। इसमें एक परिवार के सात लोगों समेत 51 कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. आरपी सिंह ने बताया कि सभी कोरोना पॉजिटिव लोगों को होम आइसोलेट किया गया है।
मुफ्तीगंज ब्लाक के कुंडी गांव में दो मरीज मिले। रामपुर सीएचसी पर एंटीजन किट से जांच में प्रधान व उनके भाई की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। प्रभारी डॉ. प्रभात कुमार यादव ने बताया कि पट्टी जियाराय में एक परिवार के पांच लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। धर्मापुर ब्लॉक के सरैया गांव में मंगलवार को 113 लोगों की एंटीजन किट से जांच की गई।
सीएचसी चोरसंड प्रभारी डॉ. मनोज कुमार ने बताया कि किशोरी पॉजिटिव मिली है। उसे एल-1 अस्पताल भेजा गया है। बक्शा सीएचसी पर मंगलवार को 31 लोगों की जांच की गई। जांच में एक दंपती की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वह सुल्तानपुर गांव के निवासी हैं। खुटहन यूबीआई शाखा गभिरन के सहायक मैनेजर और उनकी पत्नी, चकफतेहपुर गांव में चार वर्षीय मासूम, उसकी मां, दादा-दादी संक्रमित पाए गए हैं। इसके अलावा पट्टीनरेंद्रपुर गांव, पटैला और पनौली गांव में एक-एक व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
डीएम दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि आठ सैंपल की क्वालिटी खराब होने के कारण संबंधित लोगों की दोबारा जांच कराई जाएगी। मंगलवार को 1351 नए सैंपल भी लिए गए। इसे मिलाकर अब तक कुल 34915 सैंपल लिए जा चुके हैं, जिसमें 32032 की रिपोर्ट प्राप्त हो चुकी है।