गौराबादशाहपुर। कस्बे में शुक्रवार की शाम भगवान जगन्नाथ की शोभायात्रा श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ निकाली गई। शोभायात्रा बंजारेपुर से प्रारंभ होकर गौरा चौकी, गौराबादशाहपुर रामलीला मैदान होते हुए फिर शिव मंदिर बंजारेपुर पहुंचकर संपन्न हुई।
यात्रा के दौरान आगे चल रहे डीजे पर बज रहे भक्ति गीतों से पूरा कस्बा भक्ति के माहौल में डूब गया। मार्ग में श्रद्धालुओं ने भगवान जगन्नाथ के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और पुष्पवर्षा की। शोभायात्रा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। वहीं, यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए कई स्थानों पर वाहनों का डायवर्जन किया गया। इस दौरान सुजीत जायसवाल, आतिश सोनकर, धर्मेंद्र, आकाश सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।