जौनपुर। जनपद में कोरोना संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। बुधवार को 49 नये संक्रमित मिले हैं। अब संक्रमितों की संख्या बढ़कर149 हो गई है, लेकिन हैरानी की बात यह है कि जिला अस्पताल के बाद कोविड का संक्रमण जिला कारागार में भी पहुंच गया है। जहां कोविड पाजिटिव मिले दो बंदियों को अलग बने आइसोलेशन रुम में रखा गया है। हालांकि अन्य बंदियों को इससे कोई खतरा नहीं है। कोविड के बढ़ते संक्रमण का खौफ अब लोगों में देखा जा रहा है। लेकिन,अभी भी बहुत से लोग इसे लेकर लापरवाही कर रहे हैं, जिससे संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ता जा रहा है। एक दिन पहले ही जिला अस्पताल में तीन डाक्टर और एक हेल्थ वर्कर और सीएचसी बदलापुर में एक डाक्टर कोविज पा जिटिव पाए गए थे। दूसरी ओर जिला जेल में एक दिन पहले ही आए दो बंदी भी कोविड से संक्रमित पाए गए हैं। जेल प्रशासन के मुताबिक एक शहर कोतवाली और दूसरा मडि़याहूं पुलिस द्वारा पकड़े गए थे। किसी मामले में पकड़े जाने के बाद इन दोनों आरोपियों की कोविड जांच कराई गई थी, जिसमें वे पाजिटिव पाए गए हैं। कोर्ट के आदेश पर उन्हें पूरी सतर्कता के साथ जेल के अंदर बने आइसोलेशन रूम में अलग रखा गया है। हालांकि इससे अन्य बंदी-कैदियों को कोई खतरा नहीं है, वे सुरक्षित हैं। वहीं, स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक सर्वाधिक शहर में 19 लोग कोरोना से संक्रमित पाए गए हैं। इसी तरह शाहगंज में 8, सिरकोनी और जिला अस्पताल में4-4, बदलापुर और बरसठी 3-3, महराजगंज 5, मडि़याहूं, रामपुर और जिला जेल में 2-2,बक्शा, धर्मापुर, जलालपुर, करंजाकला, बदलापुर सीएचसी में एक-एक समेत कुल 49 लोग कोरोना से संक्रमित पाए गए हैं। शाहगंज : वाराणसी से आई आरटी पीसीआर रिपोर्ट में स्थानीय रेलवे स्टेशन पर तैनात आरपीएफ के दरोगा समेत छह लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। स्वास्थ्य विभाग की टीम संक्रमितों के संपर्क में आने वाले लोगों की तलाश में जुटी है। आरपीएफ के एक उप निरीक्षक की रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर उन्हें होम आईसोलेशन में रखा गया है। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने आरपीएफ थाने के सभी अधिकारी, जवानों से लेकर उनके संपर्क में आए तीस लोगों का नमूना लेकर जांच के लिए भेज दिया है। इसके अलावा हुसैनाबाद, हैदरपुर, ताखा पश्चिम, खेतासराय, जमदहां में एक-एक लोग कोरोना से संक्रमित पाए गए हैं। चिकित्साधीक्षक डा. रफीक फारुकी ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम सभी संक्रमितों के संपर्क में आने वालों की जांच के लिए भेजी गई है।