यूपी: डीजे बजाने से मना करने पर युवक की पीट-पीटकर हत्या, भाई और पिता भी जख्मी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
देवरिया के पटेलनगर वार्ड में शनिवार की रात डीजे बजाने से मना करने पर मनबढ़ों ने युवक की पीट-पीट कर हत्या कर दी। पिता और भाई को भी जख्मी कर दिया। घटना को अंजाम देने के बाद मनबढ़ फरार हो गए।
हमलावरों में कई दूसरे समुदाय के भी युवक शामिल रहे। घटना से गुस्साए लोगों ने कस्बे के कुछ दुकानों में तोड़फोड़ भी की। पूरे नगर में तनाव का माहौल है। डीएम-एसपी के नेतृत्व में कई थाने की फोर्स मौके पर डटी है।
दोपहर बाद गोरखपुर कमिश्नर और आईजी ने घटनास्थल पहुंचकर जानकरी ली। पीड़ित परिवार से मिलकर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्यवाई का आश्वासन दिया।
पटेलनगर वार्ड में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पूजा के लिए झांकी सजाई गई थी। रात में यहां डीजे बजाकर युवक नाच रहे थे। देर रात होने के चलते बगल के मुन्नू जायसवाल ने इस पर आपत्ति जताते हुए डीजे बंद करने को कहा। युवकों के न सुनने पर उन्होंने 100 नंबर पर सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने डांट-फटकार लगाई और डीजे बंद कराकर चली गई। बताते हैं कि इसके कुछ देर 5-6 की संख्या में मनबढ़ युवक लाठी-डंडा लेकर मुन्नू के घर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर मुन्नू के पुत्र सुमित उर्फ सन्नी (28) पर हमला बोल दिया।
बचाव में पहुंचे मुन्नू (48), छोटा पुत्र सचिन (25), पुत्री खुशबू (20), सुमित की पत्नी ज्योति (25) की भी पिटाई की। मोहल्ले के लोगों के जुटने पर आरोपी फरार हो गए। आनन-फानन में घायलों को सीएचसी और फिर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने सुमित को मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी होते ही सुबह लोग आक्रोशित हो गए। विरोध में सब्जी मंडी और आसपास की कुछ दुकानों में तोड़फोड़ भी की। हमलावरों में कई दूसरे समुदाय के भी युवक शामिल रहे।
मामले के साम्प्रदायिक रूप लेने की भनक लगते ही एएसपी शिष्यपाल के नेतृत्व में बरहज, भलुअनी, मदनपुर, रुद्रपुर सहित आसपास के कई थानों समेत गोरखपुर की पुलिस भी मौके पर पहुंची।
डीएम अमित किशोर, एसपी डॉ.श्रीपति मिश्र भी मौके पर पहुंचे। आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। दोपहर बाद कमिश्नर जयंत नार्लीकर, आईजी जय नारायण सिंह भी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली।
मामले में पुलिस ने सुमित के घरवालों की तहरीर पर प्रदुम्न मद्धेशिया, खरपत्तू, शालू, बिट्टू, राशिद सहित कई अज्ञात हमलावरों के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया है। कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया गया है।